45 लाख का निवेश, रिटर्न नहीं मिला तो 1.60 करोड़ की चोरी, Noida में 6 गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (18/08/2026): नोएडा के सेक्टर-25 में गैराज के लॉकर से 1.60 करोड़ रुपये चोरी करने के मामले में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.48 करोड़ रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई ऑरा कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की साजिश एक ऐसे व्यक्ति ने रची थी, जिसने निवेश के नाम पर 45 लाख रुपये लगाए थे, लेकिन अपेक्षित रिटर्न नहीं मिलने के बाद उसकी नजर लॉकर में रखी रकम पर पड़ गई।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अवनीश कुमार को जानकारी थी कि सीए फर्म से जुड़े आशीष के सेक्टर-25 स्थित गैराज के लॉकर में बड़ी रकम रखी हुई है। अवनीश ने पहले गैराज और लॉकर से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसने पवन, जितेंद्र, सुमित, अनिल और अपने रिश्तेदार नीशू चौहान को साथ लेकर चोरी की योजना बनाई। वारदात के बाद चोरी की रकम को अलीगढ़ में नीशू के पास छिपा दिया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध कारें दिखाई दीं, जिनकी नंबर प्लेट भी गलत पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और वाहनों की आवाजाही के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। सुराग मिलने के बाद पुलिस ने रजनीगंधा चौराहे से फिल्म सिटी की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश कुमार, पवन उर्फ शिवम उर्फ कांचा, जितेंद्र कुमार, सुमित कुमार, अनिल कुमार और नीशू चौहान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अवनीश बीएससी पास है और ट्रेडिंग प्रॉफिट फंड में काम कर चुका है। अन्य आरोपी ओला-उबर चालक, शराब की दुकान पर सेल्समैन, निजी कर्मचारी और खेती से जुड़े हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी, आबकारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद रकम के संबंध में आगे की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की बाकी रकम कहां छिपाई गई और इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।