स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिल की शिकायतें, निवारण कैंप में उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (18/08/2026): बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायतों के बीच विद्युत निगम की ओर से लगाए गए शिकायत निवारण कैंप में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनकी वास्तविक बिजली खपत के मुकाबले अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। सबसे अधिक शिकायतें स्मार्ट मीटर की रीडिंग और बिलिंग को लेकर सामने आई हैं।
सेक्टर-18 में लगाए गए कैंप में 17 दिनों के दौरान 1,054 उपभोक्ता शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें से 981 शिकायतें दर्ज की गईं। कुल शिकायतों में 342 मामले स्मार्ट मीटर से संबंधित रहे। उपभोक्ताओं ने बताया कि मीटर में दर्ज बिजली खपत और बिल में दर्शाई गई यूनिट में अंतर दिखाई दे रहा है। कुछ उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल की राशि बढ़ने की भी शिकायत की।
हाजीपुर निवासी सोनू अवाना ने भी सेक्टर-18 स्थित विद्युत निगम कार्यालय में अधिक बिजली बिल आने की शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर के दौरान करीब 2,500 रुपये का बिल आता था, जबकि पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह राशि बढ़कर करीब 3,000 रुपये हो गई है। इसी तरह अन्य उपभोक्ताओं ने भी मीटर की रीडिंग और बिल की राशि की जांच कराने की मांग की।
विद्युत निगम ने नोएडा सेक्टर-18 के अलावा जेवर, दादरी और दनकौर में भी शिकायत निवारण कैंप लगाए हैं। इन कैंपों में स्मार्ट मीटर के साथ-साथ सामान्य बिजली कनेक्शन और बिल से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की जा रही हैं। निगम के अनुसार, स्मार्ट मीटर के बिना बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल कर रहे 639 उपभोक्ताओं ने भी बिल में गड़बड़ी समेत अन्य समस्याएं बताई हैं। इनमें सबसे अधिक शिकायतें नोएडा जोन से सामने आई हैं।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता (बिलिंग) शिवम त्रिपाठी ने बताया कि चारों स्थानों पर 31 अगस्त तक शिकायत निवारण कैंप जारी रहेंगे। इनका उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है। निगम का दावा है कि अब तक कैंप में दर्ज सभी शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं, स्मार्ट मीटर से जुड़ी बिलिंग संबंधी शिकायतों की भी जांच कर उनका समाधान किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।