गाजियाबाद में आवारा कुत्तों के झुंड ने 4 साल के बच्चे को नोंचा, इलाज के दौरान मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (17/08/2026): गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में आवारा कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल चार वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहे मासूम पर करीब 5-6 कुत्तों ने हमला कर दिया था। बच्चे को बचाने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में लेकर पहुंचे, लेकिन चार दिनों तक चले इलाज के बाद रविवार सुबह दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

घर के बाहर खेल रहा था मासूम, अचानक कुत्तों ने घेरा

जानकारी के मुताबिक, नाहल गांव निवासी अनीस का चार वर्षीय बेटा अमन बुधवार, 12 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे घर के बाहर खेलने गया था। बताया जा रहा है कि नोगजा पीर के पास पहुंचने के दौरान आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के दौरान बच्चे के पैर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से उसे कुत्तों से बचाया गया। इसके बाद परिवार उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा।

डासना से दिल्ली तक चला इलाज

अमन को सबसे पहले डासना स्थित अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एमएमजी अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के बाद भी उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल भेजा गया।परिजनों के मुताबिक, जीटीबी अस्पताल में अमन का लगातार उपचार चल रहा था। करीब चार दिनों तक डॉक्टरों ने उसकी हालत सुधारने का प्रयास किया, लेकिन रविवार सुबह उसकी हालत बिगड़ गई। करीब 7 बजे चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया- कई कुत्तों ने किया था हमला

परिवार के सदस्य फजर मोहम्मद ने बताया कि बच्चे पर एक साथ कई स्ट्रीट डॉग्स ने हमला किया था। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया था। गंभीर चोटों के चलते उसे लगातार बेहतर उपचार के लिए अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई

बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज के अनुसार, पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, आवारा कुत्तों के लगातार बढ़ते आतंक के बीच स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।