ब्राह्मण वोटों पर नजर? राष्ट्रवादी निर्माण दल ने 2027 चुनाव को लेकर बनाई रणनीति

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (16/08/2026): नोएडा में राष्ट्रवादी निर्माण दल की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पार्टी ने अपनी रणनीति सामने रखी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने कहा कि संगठन आगामी चुनाव में ब्राह्मण समाज की राजनीतिक भागीदारी को प्रमुख मुद्दा बनाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और संभावित प्रत्याशियों को तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है।

बैठक के बाद प्रेस वार्ता में श्रीकांत त्यागी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका प्रभाव अलग-अलग धार्मिक और सामाजिक स्थलों तक पहुंचा है। गाजियाबाद में भगवान परशुराम मंदिर से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने इस मुद्दे को उठाया और मंदिर की पुनर्स्थापना के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भगवान परशुराम जयंती की छुट्टी समाप्त किए जाने का मुद्दा भी उठाया।

श्रीकांत त्यागी ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य किसी एक घटना को लेकर आंदोलन करना नहीं, बल्कि ब्राह्मण समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाना है। उन्होंने सपा के पीडीए फॉर्मूले का जिक्र करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज को भी राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उनका कहना है कि आने वाले समय में पार्टी भगवान परशुराम से जुड़े प्रतीकों और समाज के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

पार्टी अध्यक्ष ने बताया कि कई जिलों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां बांटी जा चुकी हैं और अब विधानसभा स्तर पर गतिविधियां तेज की जाएंगी। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर संगठन विस्तार करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके साथ ही आगामी चुनाव के लिए जनसभाओं, संभावित प्रत्याशियों और स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।

गठबंधन के सवाल पर श्रीकांत त्यागी ने कहा कि उनकी पार्टी समान विचारधारा वाले दलों के साथ चुनावी तालमेल की संभावना पर विचार कर सकती है। उन्होंने दावा किया कि जिस राजनीतिक दल की ओर से ब्राह्मण समाज को उसकी आबादी के अनुरूप प्रतिनिधित्व और सम्मान देने की गंभीर पहल होगी, उसके साथ गठबंधन पर विचार किया जा सकता है। खतौली विधानसभा उपचुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने अपने संगठन के प्रभाव का दावा किया और कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने राजनीतिक असर को परिणाम में बदलने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि अब समाज के सामने अपना राजनीतिक विकल्प मौजूद है और 2027 में इसका परिणाम दिखाई देगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।