गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में शान से लहराया तिरंगा, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/08/2026): देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्धनगर में राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन्स गौतम बुद्धनगर में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण व्यक्त किया।
समारोह के दौरान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ-साथ सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भारत के निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई।
पुलिस कमिश्नर ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने पुलिसकर्मियों का आह्वान किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें तथा देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता को और मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पुलिस कमिश्नर द्वारा कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में उत्कृष्ट, सराहनीय और साहसिक सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न सम्मान चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस राकेश यादव, थाना बीटा-2 को सम्मानित किया गया। वहीं सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक नागरिक पुलिस उमेश चंद नैथानी, प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल को प्रदान किया गया। शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) से मुख्य आरक्षी नागरिक पुलिस रवि कुमार, थाना साइबर क्राइम को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा सेवाभिलेख के आधार पर प्रशंसा चिन्ह (रजत) से उपनिरीक्षक बृजेन्द्र सिंह, चेतन सिंह, यशपाल सिंह, जीवन सिंह यादव, सर्वेश कुमार, सुभाष चन्द्र और रामबल सिंह को सम्मानित किया गया।

साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिसकर्मियों को प्रशंसा चिन्ह
शौर्य के आधार पर प्रशंसा चिन्ह (रजत) प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक रवि सूर्यवंशी, महिला उपनिरीक्षक मधु सिंह, महिला उपनिरीक्षक ज्योति बालियान, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी विशाल कुमार, मुख्य आरक्षी सोनू कुमार, महिला मुख्य आरक्षी नीलम राठी, मुख्य आरक्षी एलआईयू सुधीर सिंह, मुख्य आरक्षी पंकज उपाध्याय, आरक्षी अरविन्द सिंह और आरक्षी संदीप यादव शामिल रहे। सम्मान प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को किया गया सम्मानित
समारोह का सबसे भावुक और महत्वपूर्ण क्षण उस समय आया, जब कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शहीद स्वर्गीय तीरथपाल सिंह, स्वर्गीय रोहित यादव, निरीक्षक स्वर्गीय सुबोध कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल स्वर्गीय बिजेन्द्र कुमार और कांस्टेबल स्वर्गीय सुनील भाटी के परिजनों को सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान किया।
इस दौरान शहीद तीरथपाल सिंह की पत्नी मधु तोमर, शहीद रोहित यादव की पत्नी आयुषी चौधरी, निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी, हेड कांस्टेबल बिजेन्द्र कुमार की पत्नी मिथलेश तथा कांस्टेबल सुनील भाटी की पत्नी मुनेश कुमारी को सम्मानित किया गया।पुलिस कमिश्नर ने शहीद परिवारों को आश्वस्त किया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। इस अवसर पर पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

पुलिस कार्यालयों में भी हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र तथा कमिश्नरेट मुख्यालय सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) शैलेन्द्र कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया और पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में डीसीपी लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति, डीसीपी नोएडा साद मियां खान, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम, डीसीपी मुख्यालय शैव्या गोयल, अपर पुलिस उपायुक्त आर.के. गौतम सहित कमिश्नरेट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
थानों और कार्यालयों में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर के सभी थानों एवं कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। थाना प्रभारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ राष्ट्रहित में पूरी निष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलाई। समारोह के समापन पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जनसमूह को मिष्ठान वितरित किया गया। इसके साथ ही सूक्ष्म जलपान के बाद धन्यवाद प्रस्ताव के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।
इस पूरे आयोजन ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद किया, बल्कि पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रसेवा के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।