तिरंगे का सम्मान सिर्फ सलामी में नहीं, जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने में है: ACEO सौम्य श्रीवास्तव, GNIDA

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (15 अगस्त 2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान और वंदे मातरम की गूंज से पूरा प्राधिकरण परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह की शुरुआत देशभक्ति की भावपूर्ण पंक्तियों से हुई, जिसने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद ताजा कराते हुए उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया।

स्कूली बच्चों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

सावित्रीबाई फुले स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और द मंथन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देश के प्रति जिम्मेदारी की झलक देखने को मिली।

लोक गायिका रक्षा त्रिपाठी एवं उनकी टीम ने भी देशभक्ति से भरपूर प्रस्तुतियां देकर समारोह में समां बांध दिया।

राष्ट्र निर्माण विरासत में नहीं मिलता, हर पीढ़ी को देना पड़ता है योगदान

समारोह को संबोधित करते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ACEO सौम्य श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को आजादी विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र निर्माण किसी भी पीढ़ी को विरासत में नहीं मिलता। हर पीढ़ी को अपने हिस्से का राष्ट्र निर्माण स्वयं करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के लिए राष्ट्र निर्माण कोई अमूर्त विचार नहीं, बल्कि एक जीवंत और वास्तविक जिम्मेदारी है। प्राधिकरण आज जिन सड़कों, औद्योगिक क्षेत्रों और आवासीय सेक्टरों का निर्माण कर रहा है, उनमें आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बसता है।

ACEO ने कहा कि आज बनाई गई सड़क पर कल आने वाली पीढ़ियां चलेंगी। किसी जमीन को उद्योग के लिए उपलब्ध कराने से केवल फैक्ट्री नहीं लगती, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। इसी तरह किसी रेजिडेंशियल सेक्टर को बसाने का मतलब केवल इमारतों का निर्माण नहीं, बल्कि परिवारों और घरों का भविष्य तैयार करना है।

हमारी फाइलें सिर्फ कागज नहीं, उनमें लोगों के सपने जुड़े हैं

अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारी का महत्व समझाते हुए सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि प्राधिकरण में आने वाली हर फाइल को सिर्फ कागज का दस्तावेज समझना उचित नहीं है। किसी फाइल के पीछे किसी व्यक्ति का निवेश, किसी परिवार का भविष्य, किसी का रोजगार और किसी का वर्षों पुराना सपना जुड़ा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी या कर्मचारी की सफलता का पैमाना केवल यह नहीं होना चाहिए कि उसने एक दिन में कितनी फाइलें निस्तारित कीं। असली सफलता इस बात में है कि कितनी समस्याओं का समाधान हुआ, कितने लोगों का काम आसान हुआ और शहर को कल से कितना बेहतर बनाया गया।

AI हो सकती है, लेकिन Artificial Integrity नहीं

नई पीढ़ी के अधिकारियों और अनुभवी कर्मचारियों के बेहतर तालमेल को संस्था की बड़ी ताकत बताते हुए ACEO ने कहा कि युवाओं के पास तकनीक, गति और नए विचार हैं, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों के पास वर्षों का अनुभव है।

उन्होंने कहा कि तकनीक कितनी भी बदल जाए, प्रशासन में ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही जैसी चीजें कभी नहीं बदलनी चाहिए।

सौम्य श्रीवास्तव ने कहा, “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हो सकती है, लेकिन आर्टिफिशियल इंटीग्रिटी नहीं हो सकती। आपकी इंटीग्रिटी आपके अंदर समाहित है और हर व्यक्ति के अंदर उसका होना अनिवार्य है।”

देश सिर्फ संसद और विधानसभा में नहीं, हमारे कार्यालयों में भी बनता है

तिरंगे के सम्मान को जिम्मेदारियों से जोड़ते हुए ACEO ने कहा कि तिरंगे को सलामी देना ही देशभक्ति नहीं है, बल्कि देश द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाना भी तिरंगे का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि देश केवल संसद या विधानसभाओं में नहीं बनता। देश हमारे कार्यालयों में भी बनता है। एक इंजीनियर की गुणवत्ता, एक प्लानर की दूरदृष्टि, एक कर्मचारी की संवेदनशीलता और एक अधिकारी के सही निर्णय लेने के साहस में भी देश का निर्माण होता है।

“नहीं है ना-उम्मीद इकबाल अपनी किश्त-ए-वीरां से…”

अपने संबोधन के अंत में सौम्य श्रीवास्तव ने अल्लामा इकबाल की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा—

“नहीं है ना-उम्मीद इकबाल अपनी किश्त-ए-वीरां से,
ज़रा नम हो तो ये मिट्टी बड़ी ज़रखेज़ है साक़ी।”

उन्होंने कहा कि भारत की मिट्टी में अपार संभावनाएं और देशवासियों में असीम सामर्थ्य है। इसे बेहतर भविष्य में बदलने की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक और प्रत्येक कर्मचारी की है।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया विकास का संकल्प

समारोह में ACEO सौम्य श्रीवास्तव, ACEO श्रीलक्ष्मी वी.एस., OSD अमित पाठक, OSD मुकेश सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

समारोह के दौरान देशभक्ति के गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावनात्मक बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित, ईमानदारी, जिम्मेदारी और ग्रेटर नोएडा के निरंतर विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।