विकसित भारत के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा: राकेश कुमार सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण | Independence Day
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/08/2026): यमुना प्राधिकरण (Yamuna Authority) में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीईओ राकेश कुमार सिंह ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के महापुरुषों के त्याग, आदर्श और जीवन मूल्यों को याद कर उन्हें अपने जीवन में अपनाने का दिन भी है। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
राकेश कुमार सिंह ने तिरंगे के तीनों रंगों को देश के मूल्यों से जोड़ते हुए कहा कि केसरिया रंग साहस और बलिदान, सफेद शांति तथा हरा रंग समृद्धि और विकास का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारत शांति में विश्वास रखता है, लेकिन देश की एकता और अखंडता पर कोई संकट आए तो राष्ट्रहित में त्याग और बलिदान से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में अलग-अलग क्षेत्रों और वर्गों से जुड़े सेनानियों के योगदान को याद करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई का उद्देश्य पूरे देश को स्वतंत्र कराना था।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ ने देश की वर्तमान प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत कृषि, शिक्षा, चिकित्सा, तकनीक और आधारभूत ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। RRTS, मेट्रो, वंदे भारत और नमो भारत जैसी परिवहन सुविधाओं से कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी आधुनिक स्कूलों और बेहतर संस्थानों के माध्यम से बच्चों को नए अवसर मिल रहे हैं। उनका कहना था कि आज की युवा पीढ़ी के पास संसाधन और अवसर दोनों हैं, इसलिए उसे पूरी मेहनत के साथ देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
राकेश कुमार सिंह ने ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश में विकसित हो रहे नए औद्योगिक इकोसिस्टम पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि यमुना क्षेत्र में सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, MSME, अपैरल और टॉय पार्क सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हो रही हैं। HCL-Foxconn की सेमीकंडक्टर इकाई का काम भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से यमुना क्षेत्र में रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे तथा यह क्षेत्र विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर सीईओ ने युवाओं और नागरिकों से राष्ट्र की एकता को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं, किसानों, महिलाओं और बच्चों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानियों से प्रेरणा लेकर देशहित को प्राथमिकता देने और भारत की प्रगति में बाधा डालने वाली चुनौतियों के प्रति सजग रहने की जरूरत है। उन्होंने सभी से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील करते हुए ‘जय हिंद, जय भारत’ के साथ संबोधन समाप्त किया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।