नोएडा में हिंडन डूब क्षेत्र का होगा कायाकल्प, 29,315 करोड़ की मेगा प्लानिंग

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (11/08/2026): नोएडा में हिंडन नदी के डूब क्षेत्र को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए करीब 29,315 करोड़ रुपये की प्रस्तावित योजना तैयार की गई है। योजना में नदी के किनारे तटबंध बनाने, उसके ऊपर छह लेन सड़क विकसित करने, जमीन का विकास करने और बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास समेत कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इस प्रस्ताव का नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने प्रस्तुतीकरण किया गया।

प्रस्ताव के अनुसार, परियोजना के तहत करीब 2,413 हेक्टेयर जमीन को विकसित करने की योजना है। जमीन की खरीद पर लगभग 15 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा मिट्टी भराई के लिए करीब 380 करोड़ रुपये, तटबंध के ऊपर छह लेन सड़क के निर्माण पर 2,425 करोड़ रुपये और पत्थरों की पिचिंग के लिए करीब 120 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं, नदी में वीयर-कम-फॉल बनाने पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

योजना में डूब क्षेत्र में रहने वाले करीब 10 हजार परिवारों के पुनर्वास का भी प्रावधान किया गया है। इसके लिए लगभग 4 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। वहीं, उपलब्ध जमीन के विकास पर करीब 7,240 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। अधिकारियों के सामने प्रस्तुत प्रस्ताव में बाढ़ के खतरे को कम करने के साथ-साथ क्षेत्र में बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए कई परियोजनाएं शामिल की गई हैं।

परियोजना को तीन चरणों में पूरा करने का प्रस्ताव है। पहले चरण में डीएससी रोड से एक्सप्रेसवे तक का क्षेत्र शामिल किया गया है। इस चरण की अनुमानित लागत 12,370 करोड़ रुपये है। दूसरे चरण में बिसरख रोड ब्रिज से डीएससी रोड तक विकास कार्य प्रस्तावित हैं, जिस पर करीब 6,449 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। तीसरे चरण में एनएच-24 से बिसरख रोड ब्रिज तक का क्षेत्र शामिल किया गया है। इस चरण की अनुमानित लागत करीब 10,496 करोड़ रुपये है। इसमें बड़ी संख्या में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का भी प्रावधान किया गया है।

नोएडा प्राधिकरण अपने स्तर पर इतनी बड़ी परियोजना को मंजूरी देकर सीधे लागू नहीं कर सकता। अब इस प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश शासन के सामने रखा जाएगा। शासन स्तर से योजना पर विचार और आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद ही इसके क्रियान्वयन की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।