नोएडा में भाजपा का समर्पण दिवस और दिल्ली जीत पर विजय उत्सव, कार्यकर्ताओं में उत्साह
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (11 फरवरी 2025): नोएडा के सेक्टर 116 स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आज समर्पण दिवस और दिल्ली में मिली जीत के उपलक्ष्य में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी कांता कर्दम मुख्य वक्ता रहीं, जबकि अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। कांता कर्दम ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि को ‘समर्पण दिवस’ के रूप में मनाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों से प्रेरित होकर गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।
अपने संबोधन में कांता कर्दम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका राजनीतिक दर्शन ‘राष्ट्र प्रथम’ की अवधारणा पर आधारित था। वे मानते थे कि राजनीति केवल राष्ट्रहित के लिए होनी चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की संकीर्णता अथवा स्वार्थ नहीं होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें उनके विचारों को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचानी है।
दिल्ली में भाजपा को मिली जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठे वादे और खोखले आश्वासन देने वालों को करारा जवाब दिया है।
भाजपा नोएडा के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समर्पण दिवस का उद्देश्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को समाज में प्रसारित करना और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज के विकास में योगदान देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करें और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
इस बैठक में विमला बाथम, गणेश जाटव, उमेश त्यागी, मनीष शर्मा, गिरिजा सिंह, हर्ष चतुर्वेदी, प्रसेनजीत मैत्रा, शारदा चतुर्वेदी, तन्मय शंकर, एस पी चमोली, अमरीश त्यागी, सचिन अंबक्ता, चमन अवाना, प्रज्ञा पाठक, ओम यादव, गिरीश कोटनाला सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाने और समाज सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।