ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का फैसला: गोल्फ लिंक-1 के विकास कार्य जारी रखेगी RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (04/08/2026): ग्रेटर नोएडा के अंसल गोल्फ लिंक-1 में लंबे समय से विकास कार्यों को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गोल्फ लिंक-1 में सड़क निर्माण, पार्कों के रखरखाव तथा अन्य विकास कार्यों की जिम्मेदारी RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 के माध्यम से ही जारी रहेगी।
बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO), ओएसडी, जीएम, डीजीएम, मैनेजर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए दोनों पक्षों से अपने-अपने विचार और समस्याएं रखने को कहा, ताकि क्षेत्र के हित में स्थायी समाधान निकाला जा सके।
विकास कार्यों को लेकर बना था विवाद
जानकारी के अनुसार, अंसल गोल्फ लिंक-1 में सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों के दौरान कुछ स्थानीय निवासी इन कार्यों का विरोध कर रहे थे। विरोध करने वाले लोगों ने प्राधिकरण पर धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से दबाव बनाते हुए मांग की थी कि RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 को विकास कार्य कराने से रोका जाए।
हालांकि बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से बाधित करना उचित नहीं है और क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
RWA अध्यक्ष ने रखा अपना पक्ष
RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 के अध्यक्ष विनोद कसाना ने बैठक में बताया कि अंसल गोल्फ लिंक-1 एक फ्रीहोल्ड आवासीय क्षेत्र है, जहां प्लॉटों का आवंटन अंसल बिल्डर्स द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र के विकास कार्य बिल्डर की ओर से कराए जाते थे, लेकिन समय के साथ विकास कार्य प्रभावित होने लगे। इसके बाद अधिकांश निवासियों ने क्षेत्र के विकास और रखरखाव के उद्देश्य से RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 का गठन किया।
उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों के विरोध के बावजूद अधिकांश निवासी चाहते हैं कि क्षेत्र में सड़क, पार्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास तेजी से हो और इसी उद्देश्य से RWA लगातार कार्य कर रही है।
प्राधिकरण ने बजट की स्थिति भी की स्पष्ट
बैठक के दौरान ACEO ने बताया कि फिलहाल प्राधिकरण के पास गोल्फ लिंक-1 के समग्र विकास के लिए अलग से कोई बजट उपलब्ध नहीं है। हालांकि, निवासियों द्वारा पूर्व में जमा कराई गई धनराशि का उपयोग सीवर एवं ड्रेनेज की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने में किया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि स्ट्रीट लाइट का कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
इसके अलावा सड़क निर्माण, पार्कों के रखरखाव और अन्य आवश्यक विकास कार्य RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 के माध्यम से कराए जाएंगे।
विरोध कर रहे लोगों को भी अधिकारियों ने समझाया
बैठक के दौरान कुछ विरोधी पक्ष के सदस्य निर्णय से असहमत होकर बीच में ही बैठक छोड़कर जाने लगे। इस पर अधिकारियों ने उन्हें वापस बुलाकर समझाया कि सभी पक्षों का उद्देश्य केवल क्षेत्र का विकास होना चाहिए। अधिकारियों ने कहा कि चाहे विकास कार्य प्राधिकरण कराए या RWA, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गोल्फ लिंक-1 के निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
इसके बाद अधिकारियों ने विरोध कर रहे लोगों से लिखित आश्वासन देने को कहा कि वे भविष्य में विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं करेंगे। बताया गया कि चर्चा के बाद उन्होंने भी क्षेत्र के विकास में सहयोग करने पर सहमति जताई।
निवासियों से सहयोग की अपील
बैठक के बाद RWA परीचौक गोल्फ लिंक-1 के अध्यक्ष विनोद कसाना ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गोल्फ लिंक-1 के सभी निवासियों से अपील की कि वे क्षेत्र के विकास कार्यों में सहयोग करें, ताकि सड़क, पार्क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में RWA के उपाध्यक्ष हंसराज चौधरी, सचिव राजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष वीर सिंह चौहान, सह सचिव दीपक जैन, विजेंद्र भाटी, कोसिंदर चौधरी, हिमांशु शर्मा, नीरज सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।