पीएम मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ का किया शुभारंभ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 August 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर के करीब 10,000 स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने अभियान में भाग लेते हुए नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया। मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ शुरू किया गया यह राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान अगले 100 सप्ताह तक चलेगा। इसका उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से नशा मुक्त भारत और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को जन आंदोलन का स्वरूप देना है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे के खिलाफ जन आंदोलन का नेतृत्व करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है और नशा मुक्त युवा ही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। अभियान का संचालन माय भारत के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसमें MY Bharat स्वयंसेवकों के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, उद्योग संगठनों की युवा इकाइयां तथा 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों ने वर्चुअली भागीदारी की।

अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य इस पहल को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनभागीदारी आधारित सामाजिक आंदोलन बनाना है। अभियान के माध्यम से युवा अपने गांव, कस्बों और शहरों में लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे और स्वस्थ, सुरक्षित तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही अभियान के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संस्थाओं को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित भी किया जाएगा।

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने अभियान में शामिल सभी युवाओं और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्रीय जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का विश्वास है कि “नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं”, और यही संदेश अब देश के हर गांव, कस्बे और शहर तक पहुंचाया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।