सचिन तेंदुलकर ने छात्रों का बढ़ाया हौसला, बोले- मेहनत का सम्मान होना चाहिए
टेन न्यूज़ नेटवर्क
National News (23 July 2026): मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने छात्रों और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भावुक संदेश साझा किया है। उन्होंने अपने पिता को याद करते हुए लिखा कि उनके पिता एक प्रोफेसर थे और उन्होंने बचपन से ही सिखाया था कि असफल होना गलत नहीं है, लेकिन धोखा देकर सफलता हासिल करना कभी स्वीकार्य नहीं हो सकता। सचिन ने कहा कि जीवन में शॉर्टकट नहीं अपनाना चाहिए और मेहनत व ईमानदारी ही सफलता का सही रास्ता है। उन्होंने समाज से भी अपील की कि वह केवल परिणाम नहीं, बल्कि मेहनत और योग्यता को महत्व देने वाली संस्कृति विकसित करे।

सचिन तेंदुलकर ने कहा कि आज कई छात्र खुद को निराश महसूस कर रहे हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उनकी मेहनत का उचित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह स्थिति समझी जा सकती है और अब समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है कि भविष्य में छात्रों को ऐसा महसूस न हो। उन्होंने कहा कि माता-पिता, शिक्षक, मित्र, रिश्तेदार, स्कूल और प्रशासन सभी की भूमिका युवाओं का मनोबल बढ़ाने और उन्हें सही दिशा देने में बेहद महत्वपूर्ण है।
अपने संदेश के अंत में सचिन तेंदुलकर ने कहा कि भारत का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और उनके सपनों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसा माहौल बनाया जाना चाहिए, जहां कड़ी मेहनत को सम्मान मिले, ईमानदारी को प्रोत्साहन मिले और योग्यता की ही जीत हो। सचिन ने विश्वास जताया कि मिलकर ऐसे समाधान निकाले जा सकते हैं जो आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाएंगे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।