ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण: 17 गांवों के डार्क जोन होंगे रोशन, लगेंगी 2600 एलईडी लाइटें
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (15/07/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। क्षेत्र के डार्क जोन को रोशन करने और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से करीब 2600 एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस परियोजना पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और सर्वेक्षण का कार्य भी समाप्त हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार अगले एक माह के भीतर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू हो जाएगा।
प्राधिकरण के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ऐसे स्थानों की पहचान की गई है, जहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन्हीं डार्क जोन को खत्म करने के लिए चरणबद्ध तरीके से एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा रही हैं।
इस योजना के तहत सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख, ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धर्मपुरा, मिलक लच्छी, खेड़ी, भनौता और सुनपुरा गांवों में नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन गांवों में लंबे समय से अंधेरे वाले क्षेत्रों की पहचान की गई थी, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही और सुरक्षा प्रभावित होती थी।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने इस परियोजना की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ-साथ प्रत्येक गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए आवश्यक स्थानों का सर्वे भी कराया जा चुका है। अब एजेंसी के चयन के बाद कार्य शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है।
प्राधिकरण लगातार पारंपरिक सोडियम स्ट्रीट लाइटों को हटाकर ऊर्जा दक्ष एलईडी लाइटें लगाने का अभियान चला रहा है। इससे न केवल बिजली की खपत कम होगी, बल्कि बेहतर रोशनी मिलने से सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। अब तक ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों और गांवों में एक लाख से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) प्रेरणा सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चिन्हित डार्क जोन को समाप्त करने के लिए लगातार एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 17 गांवों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक माह के भीतर लाइटें लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उनका कहना है कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से न केवल अंधेरे वाले क्षेत्रों की समस्या दूर होगी, बल्कि स्थानीय निवासियों की सुरक्षा भी पहले की तुलना में अधिक मजबूत होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।