फोनरवा की मांग: नोएडा प्राधिकरण में स्वतंत्र स्वास्थ्य विभाग बहाल हो, स्वच्छता व्यवस्था पर जताई चिंता
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (15/07/2026): फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण में स्वतंत्र स्वास्थ्य विभाग को दोबारा स्थापित करने की मांग उठाई है। संगठन ने इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्ण करुणेश, आईएएस को पत्र भेजकर कहा है कि स्वास्थ्य विभाग के पुनर्गठन के बाद शहर की स्वच्छता और जनस्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर दिखाई देने लगा है। फोनरवा का कहना है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धियों को बरकरार रखने के लिए अलग स्वास्थ्य विभाग का होना आवश्यक है।
फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा और महासचिव के. के. जैन ने बताया कि हाल ही में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में तीन से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया। इसके साथ ही शहर को प्रतिष्ठित *”सुपर स्वच्छता लीग अवार्ड (गोल्डन सिटी)”* से भी सम्मानित किया गया। उनका कहना है कि इस उपलब्धि के पीछे नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने वर्षों तक स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यों का प्रभावी संचालन किया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, मच्छर एवं अन्य वाहक जनित रोगों की रोकथाम, स्वच्छता निरीक्षण, जनस्वास्थ्य से संबंधित गतिविधियों के साथ-साथ आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण और घायल एवं बीमार पशुओं के उपचार जैसे कार्य व्यवस्थित रूप से किए जाते रहे हैं।
फोनरवा का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग को समाप्त कर उसकी जिम्मेदारियां विभिन्न सर्किल प्रभारियों को सौंपे जाने के बाद इन सेवाओं की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। संगठन का कहना है कि सर्किल विभाग पहले से ही सड़क, सीवर, नाली, निर्माण और अनुरक्षण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यों का दायित्व संभाल रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विशेष कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा पा रहा है।
महासचिव के. के. जैन ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ रही है। नसबंदी और टीकाकरण की गति धीमी पड़ने के साथ-साथ घायल एवं बीमार पशुओं के उपचार, कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की निगरानी तथा अन्य जनस्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में भी कमी महसूस की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में नोएडा की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।
फोनरवा ने अपने पत्र में सीईओ कृष्ण करुणेश से आग्रह किया है कि शहर के दीर्घकालिक हितों, जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण के स्वतंत्र स्वास्थ्य विभाग को तत्काल पुनः स्थापित किया जाए। संगठन ने यह भी मांग की है कि विभाग में पर्याप्त संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि नोएडा देश के सबसे स्वच्छ और आदर्श शहर के रूप में अपनी पहचान भविष्य में भी बनाए रख सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।