भंगेल–सालारपुर मार्केट में पार्किंग सुविधा के लिए विधायक पंकज सिंह का नोवरा ने किया नागरिक अभिनंदन

टेन न्यूज नेटवर्क

 Noida News (08/07/2026): भंगेल–सालारपुर मार्केट क्षेत्र में एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की पहल पर नोएडा विलेज रेजिडेंट एसोसिएशन (नोवरा) ने नोएडा के विधायक पंकज सिंह का नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें आभार-पत्र भेंट कर क्षेत्र के व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।

नोवरा के अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में विशेष आमंत्रित सदस्य अमित त्यागी, उपाध्यक्ष अजय चौहान और महासचिव पुनीत राणा भी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि भंगेल, सालारपुर और आसपास के बाजारों से जुड़े व्यापारियों, दुकान मालिकों, किरायेदारों, ग्राहकों और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से यह प्रमुख मांग थी कि एलिवेटेड रोड के नीचे उपलब्ध स्थान का उपयोग पार्किंग के लिए किया जाए। इसी जनभावना को ध्यान में रखते हुए संगठन ने विधायक का सम्मान किया।

नोवरा ने कहा कि भंगेल–सालारपुर मार्केट नोएडा के सबसे बड़े और व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक, व्यापारी और आम लोग खरीदारी तथा अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। वर्षों से पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे व्यापार और आम जनजीवन दोनों प्रभावित होते थे।

संगठन के अनुसार विधायक पंकज सिंह ने इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग की व्यवस्था कराने के लिए पहल की। नोवरा का कहना है कि प्राधिकरण की मौजूदा नीति के बावजूद जनहित को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाया गया। फिलहाल वहां औपचारिक पार्किंग का निर्माण नहीं हुआ है, लेकिन पार्किंग के लिए स्थान उपलब्ध होने से लोग अपने वाहन व्यवस्थित रूप से खड़े कर पा रहे हैं। भविष्य में इस स्थान को विकसित कर सुनियोजित पार्किंग बनाने के प्रयास भी जारी हैं।

नोवरा ने कहा कि यदि एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग की अनुमति नहीं मिलती तो सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से पूरे क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती। इससे न केवल लोगों को वाहन पार्क करने में परेशानी होती, बल्कि आवागमन भी बाधित होता और बाजार की व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ता। व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को रोजाना भारी असुविधा का सामना करना पड़ता।

संगठन का कहना है कि यह पहल केवल पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि स्थानीय व्यापार को गति देने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लाखों नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नोवरा ने विश्वास जताया कि भविष्य में पार्किंग को और अधिक व्यवस्थित रूप दिया जाएगा, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र को स्थायी राहत मिल सकेगी। कार्यक्रम के अंत में नोवरा पदाधिकारियों ने विधायक पंकज सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे निर्णय क्षेत्र के विकास और व्यापारिक गतिविधियों को नई मजबूती प्रदान करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।