हाथरस बनेगा हाईटेक इंडस्ट्रियल सिटी, यीडा ने शुरू किया मास्टर प्लान-2041
टेन न्यूज नेटवर्क
Yamuna Authority News (29/06/2026): उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने हाथरस में एक महत्वाकांक्षी ग्रीनफील्ड परियोजना पर काम शुरू कर दिया है। ‘मास्टर प्लान-2041’ के तहत विकसित होने वाला ‘हाथरस अर्बन सेंटर’ एक हाईटेक औद्योगिक और आवासीय सैटेलाइट टाउन होगा, जिसे भविष्य के प्रमुख इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
यीडा द्वारा विकसित किए जा रहे चार प्रमुख अर्बन नोड्स—अलीगढ़, मथुरा, आगरा और हाथरस—में हाथरस को विशेष रूप से औद्योगिक विनिर्माण केंद्र के रूप में चुना गया है। इस परियोजना के तहत हाथरस और सासनी तहसील के 50 से अधिक गांवों को शामिल करते हुए लगभग 4 हजार हेक्टेयर (करीब 10 हजार एकड़) क्षेत्र में नया शहर बसाया जाएगा। इसके नियोजन का कार्य आरवी इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स लिमिटेड को सौंपा गया है, जो जीआईएस तकनीक के आधार पर मास्टर प्लान तैयार कर रही है।
मास्टर प्लान-2041 के तहत अर्बन सेंटर को चार प्रमुख भागों में विकसित किया जाएगा। इसमें औद्योगिक जोन, आधुनिक आवासीय क्षेत्र, कमर्शियल एवं लॉजिस्टिक्स हब तथा 15 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। परियोजना का उद्देश्य उद्योग, आवास, व्यापार और पर्यावरण के बीच संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
प्रस्तावित अर्बन सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी रणनीतिक कनेक्टिविटी होगी। यह नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (जेवर) के कैचमेंट एरिया में स्थित होगा और यमुना एक्सप्रेसवे, नेशनल हाईवे-93, बरेली-मथुरा हाईवे तथा स्टेट हाईवे-33 से जुड़ा रहेगा। यीडा इस क्षेत्र को एक्सप्रेस-रोड नेटवर्क के माध्यम से एयरपोर्ट से जोड़ने की भी तैयारी कर रहा है।
परियोजना से हाथरस के पारंपरिक उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के तहत प्रसिद्ध हींग और गुलाल उद्योग को विश्वस्तरीय पैकेजिंग एवं निर्यात सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, रेडीमेड गारमेंट्स, ग्लास बीड्स, पीतल के आभूषण, मशीन टूल्स और इलेक्ट्रिक वाहनों के कलपुर्जों के लिए विशेष औद्योगिक ब्लॉक विकसित किए जाएंगे। भविष्य में मेडिकल-सर्जिकल उपकरण और पावर ग्रिड मशीनरी से जुड़ी वैश्विक कंपनियों को भी निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
यीडा के अनुसार परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस हाईटेक शहर के विकसित होने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आएगा और स्थानीय युवाओं के लिए लाखों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।