कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने निवेश अवसरों की तलाश में YEIDA का किया दौरा

टेन न्यूज नेटवर्क

Yamuna Authority News (26/06/2026): यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का आकलन करने के उद्देश्य से 25 जून 2026 को एक कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में कोरिया गणराज्य के व्यापार, उद्योग एवं संसाधन मंत्रालय, भारत स्थित कोरिया गणराज्य के दूतावास तथा कोरिया ट्रेड-इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी (KOTRA) के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल में किम जिनसू (निदेशक, व्यापार, उद्योग एवं संसाधन मंत्रालय), कांग होंग कू (उप-निदेशक, व्यापार, उद्योग एवं संसाधन मंत्रालय), सुंगजुंग चो (वाणिज्यिक परामर्शदाता, कोरिया गणराज्य दूतावास), डोंगह्योन किम (प्रबंध निदेशक, KOTRA दक्षिण एशिया मुख्यालय) तथा जैवुक (जेक) ली (कार्यकारी निदेशक, भारत-कोरिया व्यापार सहयोग प्रकोष्ठ, KOTRA) शामिल रहे।

दौरे के दौरान YEIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) शैलेन्द्र कुमार भाटिया, आईएएस ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष प्राधिकरण क्षेत्र की निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने क्षेत्र की उत्कृष्ट कनेक्टिविटी, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के शीघ्र संचालन तथा एस्कॉर्ट्स कुबोटा, एचसीएल-फॉक्सकॉन सहित कई प्रमुख कंपनियों की बढ़ती औद्योगिक उपस्थिति पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि YEIDA क्षेत्र में सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, चिकित्सा उपकरण, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स तथा अन्य उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से निवेश हो रहा है, जिससे क्षेत्र का औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम और अधिक मजबूत बन रहा है।

एसीईओ शैलेंद्र सिंह भाटिया ने प्रतिनिधिमंडल को YEIDA के सेक्टर-4A में प्रस्तावित “कोरियन सिटी” परियोजना की भी जानकारी दी। लगभग 900 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाने वाली इस परियोजना का उद्देश्य कोरियाई निवेशकों को आकर्षित करना और उन्हें विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस परियोजना का भूमि उपयोग मल्टीपल लैंड यूज़ इंडस्ट्री के रूप में प्रस्तावित है, जिसमें औद्योगिक, आवासीय, वाणिज्यिक एवं संस्थागत विकास शामिल होगा।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कोरियन सिटी को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधी पहुंच के साथ-साथ यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं का लाभ मिलेगा। यही विशेषताएं इसे कोरियाई उद्योगों के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य बनाती हैं।

प्रस्तुति के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने उन संभावित भूमि पार्सलों का भी स्थल निरीक्षण किया, जिन्हें कोरियाई कंपनियों के संभावित निवेश के लिए चिन्हित किया गया है। यह दौरा कोरिया और YEIDA के बीच औद्योगिक एवं निवेश सहयोग को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।