GIMS में हड़ताली स्वास्थ्य कर्मियों पर लाठीचार्ज का आरोप, सीटू ने किया प्रदर्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/06/2026): गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ग्रेटर नोएडा (GIMS) में नौकरी बहाली की मांग को लेकर धरने पर बैठे स्वास्थ्य कर्मियों पर कथित लाठीचार्ज और कर्मचारियों की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को सीटू (सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन) गौतमबुद्ध नगर ने प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
सीटू के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, महासचिव रामस्वारथ, सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा और किसान सभा सचिव संदीप भाटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल जिम्स पहुंचा और आंदोलनरत कर्मचारियों से मुलाकात की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बुधवार रात पुलिस ने धरना स्थल के गेट बंद कर दिए, बिजली काट दी और बाद में लाठीचार्ज किया। उनका दावा है कि इस दौरान कई कर्मचारी घायल हुए तथा 70 से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को हिरासत में लिया।
इसके बाद सीटू प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्ट्रेट, सूरजपुर पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनुराग चंद शाश्वत को सौंपा। साथ ही अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी को भी ज्ञापन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई।
सीटू ने मांग की है कि गिरफ्तार सभी स्वास्थ्य कर्मियों को तत्काल रिहा किया जाए, लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो, घायल कर्मचारियों का इलाज कराया जाए तथा GIMS के 700 आउटसोर्स कोविड योद्धाओं को बहाल कर स्थायी नियुक्ति दी जाए। संगठन ने महिला कर्मियों के साथ कथित बदसलूकी की न्यायिक जांच कराने की भी मांग की है।
सीटू ने चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला और उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर बड़े स्तर का आंदोलन किया जाएगा।
टिप्पणियाँ बंद हैं।