भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का फूटा गुस्सा, डीएम को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23/06/2026): ग्रेटर नोएडा में किसान एकता संघ ने मंगलवार को भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता वनीस प्रधान के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सरकार से किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग की। किसानों का कहना है कि किसी भी व्यापारिक समझौते में देश के कृषि क्षेत्र और स्थानीय उत्पादकों के हितों से समझौता नहीं होना चाहिए।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता उम्मेद एडवोकेट ने कहा कि यदि विदेशी कृषि उत्पादों को भारतीय बाजार में बड़े स्तर पर प्रवेश मिलता है, तो इसका सीधा असर देश के किसानों की आय और घरेलू कृषि व्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक समझौते से पहले किसानों की आर्थिक सुरक्षा और कृषि हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
संघ के पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि विदेशी उत्पादों की बढ़ती उपलब्धता से भारतीय किसानों की प्रतिस्पर्धा प्रभावित होगी और कृषि क्षेत्र को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि किसान विरोधी किसी भी नीति का संगठन लगातार विरोध करेगा।
ज्ञापन सौंपने के बाद किसान एकता संघ के प्रतिनिधि जेवर स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे, जहां डीड राइटर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। संगठन ने उनके आंदोलन को समर्थन देते हुए प्रशासन से वार्ता कर समस्याओं का जल्द समाधान निकालने की मांग की। इस दौरान वनीस प्रधान, सलोनी सोलंकी, उम्मेद एडवोकेट, महल मेहरबान, जीतन नागर, विक्रम नागर, सतीश कनारसी, रोहित गौतम और अरुण खताना सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।