राशिद हत्याकांड में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता, एनकाउंटर के बाद दो मुख्य शूटर गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (18 June 2026): उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद स्थित नेहरू विहार में हुए चर्चित राशिद रंगरेज हत्याकांड में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले में शामिल दो मुख्य शूटरों को यमुना खादर इलाके में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घेराबंदी के दौरान फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आतिफ और इस्माइल के रूप में की है। दोनों पर 15 जून को मुस्तफाबाद के नेहरू विहार में राशिद रंगरेज की दिनदहाड़े हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद से ही दोनों फरार थे और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने यमुना खादर इलाके में घेराबंदी की, जहां मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

गौरतलब है कि 15 जून की शाम करीब 6:10 बजे तीन हमलावरों ने राशिद रंगरेज पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। गंभीर रूप से घायल राशिद को तत्काल जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज हत्या के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई विशेष टीमें गठित की थीं।

जांच के दौरान पुलिस पहले ही अयान और इमरान नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, इमरान ने वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की स्कूटी उपलब्ध कराई थी, जबकि अयान ने राशिद की गतिविधियों और लोकेशन की रेकी कर शूटरों तक जानकारी पहुंचाई थी। अब आतिफ और इस्माइल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे षड्यंत्र, फरार आरोपियों और आपराधिक नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में इस हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।