Young Entrepreneurs Society ने प्रेरणा और संवाद का सशक्त मंच तैयार किया: डॉ. नीरज खन्ना, चेयरमैन, EPCH

टेन न्यूज नेटवर्क

Moradabad News (14 जून 2026): मुरादाबाद के होटल हॉलिडे रीजेंसी में आयोजित Young Entrepreneurs Society (YES) – Industry Connect & Honouring Excellence 2026 कार्यक्रम में शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, हस्तशिल्प, पर्यावरण संरक्षण, आतिथ्य, कला एवं संस्कृति तथा जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को YES Excellence Awards 2026 से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पेंसिया (IAS) एवं सह-मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल (IPS) रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. राकेश कुमार (Director General, EPCH एवं Chairman, IEML), डॉ. नीरज खन्ना (Chairman, EPCH) तथा अमूल मेहरोत्रा (Chairman, Sourcing Professionals Alliance) शामिल रहे। कार्यक्रम में विधायक रितेश के. गुप्ता एवं महापौर विनोद अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर EPCH के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना ने टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में Young Entrepreneurs Society (YES) की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उद्योग, समाज और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने कहा, “मैं Young Entrepreneurs Society (YES) की पूरी टीम को हृदय से बधाई और धन्यवाद देता हूँ। विशेष रूप से YES के चेयरमैन जे.पी. सिंह, सेक्रेटरी पुनीत आर्या और ट्रेज़रर सुमित आनंद सहित पूरी टीम ने जिस समर्पण के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया है, वह प्रशंसनीय है। उद्योग जगत को जोड़ने और समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने का यह प्रयास निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा।”

डॉ. खन्ना ने कहा कि सम्मान केवल उपलब्धियों की पहचान नहीं होता, बल्कि यह समाज में नई प्रेरणा और उत्साह का संचार भी करता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सम्मानित किया गया है, उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है और ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। इससे अन्य लोगों को भी उत्कृष्ट कार्य करने और समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करेगी।

निर्यात उद्योग की वर्तमान चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा करते हुए डॉ. खन्ना ने कहा कि उद्योग जगत को बदलते वैश्विक परिदृश्य में नए अवसर तलाशने होंगे।

उन्होंने कहा, “आज हमारे बीच इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, सोर्सिंग प्रोफेशनल्स अलायंस के चेयरमैन अमूल मेहरोत्रा तथा दिल्ली से आए अनेक बाइंग एजेंट्स मौजूद थे। सभी का उद्देश्य एक ही है कि हम किस प्रकार व्यापार और निर्यात को नई गति दें तथा वैश्विक बाजार में मौजूद चुनौतियों को नए व्यावसायिक अवसरों में बदलें। वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में हमें नवाचार, सहयोग और बेहतर रणनीति के साथ आगे बढ़ना होगा।”

डॉ. नीरज खन्ना ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “मैं विधायक रितेश के. गुप्ता, महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पेंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सहित सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपना बहुमूल्य समय निकालकर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उनके मार्गदर्शन और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी से निर्यातकों और उद्यमियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।”

YES द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि उद्योग जगत, निर्यातकों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा उद्यमियों के बीच संवाद एवं सहयोग का सशक्त मंच भी बना। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विभूतियों का सामूहिक ग्रुप फोटो लिया गया।

Young Entrepreneurs Society (YES) Awards 2026 ने यह संदेश दिया कि शिक्षा, नवाचार, उद्यमिता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान ही समाज को नई दिशा और युवा पीढ़ी को नई प्रेरणा प्रदान करता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।