कड़े सुरक्षा घेरे में शुरू हुई यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा, 28 लाख अभ्यर्थी मैदान में
टेन न्यूज नेटवर्क
Uttar Pradesh News (08/06/2026): उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 सिपाही पदों पर भर्ती के लिए सोमवार से लिखित परीक्षा शुरू हो गई। प्रदेश के सभी 75 जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा के पहले दिन कई केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, रेटिना स्कैन और दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं। झांसी में परीक्षार्थियों के जूते और मोजे उतरवाकर जांच की गई, जबकि सहारनपुर में चेन, चश्मा समेत अन्य सामान बाहर रखवाया गया। जौनपुर में महिला अभ्यर्थियों के बालों के जूड़े खुलवाकर तलाशी ली गई। वहीं, कानपुर में लंबे बाल और दाढ़ी रखने वाले अभ्यर्थियों की विशेष जांच की गई।
भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में 28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए प्रदेशभर में 1,183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
दूसरे शहरों में परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ रविवार रात रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर देखने को मिली। प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर समेत कई शहरों में परीक्षार्थियों ने रात स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर बिताई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी फर्श पर सोते नजर आए।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोडवेज बसों के किराये में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र दिखाना होगा। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।