योगी आदित्यनाथ जन्मोत्सव पर विश्व हिंदू महासंघ ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida West News (07/06/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित श्री राम यूनिवर्सल स्कूल में विश्व हिंदू महासंघ भारत (जिला गौतम बुद्ध नगर) द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भव्य ‘हिंदू स्वाभिमान सम्मेलन’ एवं जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला शक्ति एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
समारोह में विश्व हिंदू महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, मातृशक्ति प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष पारुल सक्सेना, भाजपा नेत्री प्रज्ञा पाठक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। साथ ही हिंदू संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत करते हुए विश्व हिंदू महासंघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने कहा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। आज प्रदेश में आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं, स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। योगी आदित्यनाथ एक लोक-सन्यासी के रूप में जनसेवा को समर्पित हैं और उनके नेतृत्व में सुशासन एवं सुरक्षा की नई पहचान बनी है।
उन्होंने आगे कहा, विश्व हिंदू महासंघ का उद्देश्य समाज में समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। हम ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी के विचारों और उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। संगठन जाति, वर्ग और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर पूरे हिंदू समाज को एक परिवार के रूप में जोड़ने का कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ भारत की राष्ट्रीय अध्यक्ष पारुल सक्सेना ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर के बिसरख मंडल में आयोजित यह कार्यक्रम संगठन की महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने जिला अध्यक्ष सावित्री चौधरी, महानगर अध्यक्ष प्रीति अग्रवाल, महामंत्रिणी वसुंधरा झा सहित सभी महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
पारुल सक्सेना ने कहा, हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारी एकजुटता है। हिंदुत्व के मूल्यों, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि महिलाएं संगठित होकर समाजहित में कार्य करें तो सामाजिक परिवर्तन की गति और अधिक तेज हो सकती है।
उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान पारुल सक्सेना ने विश्व हिंदू महासंघ भारत की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च होने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि, 7 जून 2026 को संगठन की वेबसाइट का शुभारंभ किया गया है, जो देशभर में संगठन की गतिविधियों, अभियानों और सामाजिक कार्यक्रमों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करेगी। संगठन वर्तमान में विभिन्न राज्यों, जिलों और कस्बों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है तथा हिंदू समाज को जागरूक और संगठित करने के उद्देश्य से वर्षभर अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता है।
भाजपा नेत्री प्रज्ञा पाठक ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा, यह केवल जन्मोत्सव समारोह नहीं, बल्कि मातृशक्ति के संगठन, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का एक प्रेरणादायी मंच है। बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति यह दर्शाती है कि समाज में उनकी भूमिका लगातार सशक्त हो रही है।
उन्होंने आगे कहा, मातृशक्ति सदैव समाज और राष्ट्र निर्माण की अग्रिम पंक्ति में रही है। आज महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सामाजिक परिवर्तन और सांस्कृतिक संरक्षण दोनों क्षेत्रों में नई ऊर्जा का संचार कर रही है। विश्व हिंदू महासंघ द्वारा आयोजित यह सम्मेलन संगठन की सक्रियता और महिलाओं की बढ़ती जागरूकता का सशक्त उदाहरण है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरण कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।