ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास मॉडल का अध्ययन करने पहुंचे 6 आईएएस
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (02/06/2026): भारत सरकार में सहायक सचिव के रूप में तैनात 6 आईएएस अधिकारी मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, आईआईटीजीएनएल की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (एमएमटीएच) और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब (एमएमएलएच) का अध्ययन करने ग्रेटर नोएडा पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. और एसीईओ प्रेरणा सिंह के साथ बैठक कर टाउनशिप तथा एमएमएलएच-एमएमटीएच परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
भारत सरकार में सहायक सचिव के रूप में तैनात आईएएस अधिकारी आयुषी प्रधान, बेंजो पी. जोस, फडतरे अनितेश अशोक, प्रिया रानी, सलोनी छाबड़ा और जुफिशन हक मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में भूमि अधिग्रहण से लेकर विकास कार्यों तक की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी और अपने अनुभव साझा किए। सीईओ ने कहा कि किसानों से भूमि लेकर उद्योगों को उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य रोजगार और निवेश को बढ़ावा देना है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को आजीविका के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को रोजगार सृजन की दिशा में कार्य करने की सीख दी।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. और एसीईओ प्रेरणा सिंह ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब तथा मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अब तक 30 से अधिक बड़ी कंपनियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है। इनमें हायर जैसी बड़ी कंपनियां परिचालन शुरू कर चुकी हैं। ये कंपनियां अब तक लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी हैं और करीब 23 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान कर रही हैं।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने टाउनशिप में ऑटोमेटिक वेस्ट कलेक्शन सिस्टम, 24 घंटे बिजली-पानी की उपलब्धता तथा आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के अंतर्गत रेल, मेट्रो और बस टर्मिनल विकसित किए जाने की योजना के बारे में भी बताया।
अधिकारियों के समक्ष विभिन्न परियोजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्यों पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। इसके बाद उन्होंने संबंधित स्थलों का दौरा कर परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान आईआईटीजीएनएल की टीम भी मौजूद रही।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।