जेवर टोल पर बड़े आंदोलन की तैयारी, किसान सभा ने दी टोल फ्री करने की चेतावनी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/06/2026): यमुना एक्सप्रेस-वे पर किसान सभा से जुड़े टोल पासों को बंद किए जाने की सूचना के बाद क्षेत्र में किसानों का आक्रोश बढ़ गया है। अखिल भारतीय किसान सभा ने इस फैसले का विरोध करते हुए आंदोलन की घोषणा की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया और किसान नेताओं, एक्सप्रेस-वे प्रबंधन तथा प्रशासनिक अधिकारियों के बीच वार्ता कराई गई।
सोमवार को प्रस्तावित प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस ने यमुना एक्सप्रेस-वे प्रबंधन के अधिकारियों को थाने बुलाया। इसके बाद किसान सभा के सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और ग्रामीण भी बीटा-2 थाने पहुंच गए। यहां पुलिस की मौजूदगी में किसान प्रतिनिधियों और टोल प्रबंधन के बीच लंबी बातचीत हुई।
बैठक में एक्सप्रेस-वे प्रबंधन की ओर से मैनेजर जे.के. शर्मा और अनुज चौधरी ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने किसान नेताओं को भरोसा दिलाया कि टोल पासों से जुड़े मुद्दे को उच्च प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा और जल्द निर्णय से अवगत कराया जाएगा।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. रूपेश वर्मा ने कहा कि प्रदेश और देश के विभिन्न एक्सप्रेस-वे तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर किसान संगठनों को दी गई टोल सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। ऐसे में यमुना एक्सप्रेस-वे पर किसानों और किसान संगठनों के साथ हुए समझौतों को कमजोर करने या समाप्त करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शाम तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 जून को जेवर टोल प्लाजा पर आंदोलन करते हुए टोल को फ्री कराया जाएगा।
किसान सभा के सहसंयोजक एवं प्रवक्ता जगबीर नंबरदार ने कहा कि एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक विकास परियोजनाओं के लिए किसानों ने अपनी जमीनें दी हैं और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान किया है। ऐसे में किसानों के हितों से जुड़े समझौतों में किसी भी प्रकार का बदलाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि टोल प्रबंधन ने अपना रुख नहीं बदला तो किसान सभा गांव-गांव जाकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी और बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

महासचिव संदीप भाटी ने कहा कि किसान सभा हमेशा बातचीत और सहमति के जरिए समाधान निकालने की पक्षधर रही है, लेकिन किसानों के अधिकारों पर चोट होने की स्थिति में संगठन संघर्ष का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी नीति परिवर्तन से पहले किसान संगठनों को विश्वास में लेना आवश्यक है।
किसान सभा ने मांग की है कि 10 जनवरी 2024 को हुए समझौते को यथावत लागू रखा जाए तथा जिन किसानों और संगठनों के टोल पास स्वीकृत हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से सक्रिय किया जाए। इस संबंध में किसान नेताओं ने बीटा-2 थाना प्रभारी की मौजूदगी में यमुना एक्सप्रेस-वे प्रबंधन के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा।
प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में किसान सभा के सहसंयोजक एवं प्रवक्ता जगबीर नंबरदार, महासचिव संदीप भाटी, धर्मेंद्र एडवोकेट, सुशील, प्रशांत भाटी, निशांत भाटी, भगत सिंह, विनोद सरपंच, यतेंद्र भाटी, राहुल नागर, नरेश नागर, भोजराज रावल, सुधीर रावल, मोहित नागर, सुरेंद्र पंडित, विजेंद्र नागर समेत बड़ी संख्या में किसान, युवा और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। किसान सभा ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी टोल प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।