सेक्टर-59 की स्पार्क मिंडा फैक्ट्री में भीषण आग, धुएं से ढका पूरा इलाका

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (30/05/2026): नोएडा के सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा (Spark Minda) कंपनी के प्लांट में शुक्रवार शाम भीषण आग (Massive Fire) लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री परिसर का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया और आसमान में काले धुएं (Smoke) का घना गुबार छा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार पूरे सेक्टर-59 में धुआं फैल गया, जिससे दूर तक दृश्यता प्रभावित हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शाम करीब चार बजे फैक्ट्री के इलेक्ट्रिक डिपार्टमेंट (Electric Department) में तारों में शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) होने के कारण आग लगी। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्लास्टिक कच्चे माल, फॉल सीलिंग और मशीनों तक आग पहुंचने से स्थिति तेजी से गंभीर हो गई। करीब 200 मीटर का क्षेत्र आग की चपेट में आ गया।

घटना के समय विभाग में लगभग 70 से 80 कर्मचारी कार्यरत थे। कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि अफरा-तफरी के बीच कई कर्मचारियों का सामान और बैग फैक्ट्री के अंदर ही रह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग एक कोने में एयर कंडीशनर (AC) के पास तारों में लगी और कुछ ही देर में पूरे सेक्शन में फैल गई।

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग (Fire Department) की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। धुएं और घुटन (Suffocation) की शिकायत के बाद 8 से 10 कर्मचारियों को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन आग काफी बड़ी थी। उन्होंने बताया कि विभाग के अंदर प्रवेश के लिए पर्याप्त जगह न होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आई। दमकल कर्मियों ने बीए सेट (Breathing Apparatus) पहनकर अंदर जाने का प्रयास किया, जबकि बाहर से लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका गया। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि परिसर में कुछ रासायनिक पदार्थ (Chemical Material) मौजूद हो सकते हैं, जिसके चलते अतिरिक्त सावधानी बरती गई।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।