यमुना प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का बिगुल, जहानाबाद में हुई महापंचायत; बड़े आंदोलन की चेतावनी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23/05/2026): ग्रेटर नोएडा के जहानाबाद गांव में शनिवार को किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक में यमुना प्राधिकरण के खिलाफ तीखा रोष देखने को मिला। किसान एकता संघ के बैनर तले आयोजित इस बैठक में क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर लंबित मुद्दों पर चर्चा की और संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया। बैठक की अगुवाई संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने की। उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण वर्षों से किसानों की आबादी, बेकलीज, मुआवजा और अन्य बुनियादी समस्याओं को नजरअंदाज करता आ रहा है। किसानों को बार-बार भरोसा दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन तो अधिग्रहित कर ली गई, लेकिन उनके अधिकारों और सुविधाओं को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। चौधरी सोरन प्रधान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान सड़क से लेकर प्राधिकरण कार्यालय तक बड़ा जनआंदोलन छेड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में गांव-गांव जाकर किसानों को संगठित किया जाएगा और क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। उनके अनुसार यह लड़ाई किसानों के सम्मान और अधिकारों की है, इसलिए संगठन किसी भी स्तर तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा।
बैठक में संगठनात्मक विस्तार पर भी जोर दिया गया। सर्वसम्मति से इलियास अब्बासी को जहानाबाद गांव का ग्राम अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में युवाओं और किसानों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को किसानों के हित में निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुमताज अली ने की, जबकि संचालन पंडित प्रमोद शर्मा ने किया। इस दौरान उम्मेद एडवोकेट, मेहरबान अली, हेमराज, जेपी नागर, गोलू प्रधान, परवेज खान, जोरा भाटी, नाजिम त्यागी, फरमान त्यागी, शाहरुख खान, गौरव गौतम और इमलाक हसरत समेत सैकड़ों किसान और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के बाद किसानों में आंदोलन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अब वे अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं और जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।