3 साल बाद बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर दौड़ेंगी सुपरबाइक्स, इंटरनेशनल रेसिंग इवेंट की तैयारियां शुरू
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22/05/2026): ग्रेटर नोएडा की यमुना सिटी एक बार फिर दुनिया की नजरों में आने की तैयारी कर रही है। सेक्टर-25 स्थित बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (BIC) में लंबे इंतजार के बाद इंटरनेशनल बाइक रेसिंग इवेंट (International Bike Racing) की वापसी की हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, सितंबर में एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप (ARRC) आयोजित कराने की तैयारी चल रही है। यह प्रतियोगिता 4 से 16 सितंबर के बीच कराई जा सकती है। आयोजन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और मोटर स्पोर्ट्स कंसल्टेंसी कंपनी AVW Global के बीच सहमति बनने की बात सामने आई है।
करीब तीन साल से बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट किसी बड़े इंटरनेशनल बाइक रेसिंग इवेंट का इंतजार कर रहा था। इससे पहले यह ट्रैक फॉर्मूला-1 और MotoGP जैसे विश्वस्तरीय आयोजनों की मेजबानी कर चुका है। अब एक बार फिर यहां सुपरबाइक्स की तेज आवाज और हाईस्पीड रेसिंग का रोमांच लौटने की संभावना ने मोटरस्पोर्ट्स फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अधिकारियों के अनुसार, आयोजन को लेकर शुरुआती स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। फिलहाल प्रशासनिक, आर्थिक और कानूनी पहलुओं पर मंथन किया जा रहा है। इसी को लेकर राज्य परिवर्तन आयोग से भी विधिक राय मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप को एशिया की प्रतिष्ठित बाइक रेसिंग प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाता है। इसमें कई देशों के प्रोफेशनल राइडर्स और अंतरराष्ट्रीय टीमें हिस्सा लेती हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत 1996 में हुई थी और इसके अलग-अलग राउंड एशिया के विभिन्न देशों में आयोजित किए जाते हैं। सुपरस्पोर्ट, एशिया प्रोडक्शन 250 और अंडरबोन जैसी कैटेगरी इस चैंपियनशिप का प्रमुख आकर्षण मानी जाती हैं।
अधिकारियों का मानना है कि इस आयोजन का असर सिर्फ खेल जगत तक सीमित नहीं रहेगा। इससे यमुना सिटी और आसपास के इलाकों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। होटल इंडस्ट्री, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और स्थानीय कारोबार में भी तेजी आने की उम्मीद है। साथ ही भारतीय युवा राइडर्स को इंटरनेशनल लेवल पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मंच मिल सकता है।
सूत्रों की मानें तो जापान की चर्चित सुपर फॉर्मूला रेस को लेकर भी विदेशी एजेंसियां रुचि जता चुकी हैं। ऐसे में आने वाले समय में बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट को भारत के बड़े मोटरस्पोर्ट सेंटर के तौर पर विकसित किए जाने की संभावनाएं और मजबूत होती दिखाई दे रही हैं।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में एशियन रोड रेसिंग चैंपियनशिप आयोजित कराने को लेकर काम जारी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से खेल पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को भी गति मिलेगी।
अगर सभी तैयारियां तय समय पर पूरी होती हैं, तो सितंबर में यमुना सिटी एक बार फिर इंटरनेशनल मोटरस्पोर्ट्स की हलचल से गुलजार नजर आ सकती है। लंबे समय बाद बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर लौटती रफ्तार न सिर्फ रेसिंग प्रेमियों के लिए खास होगी, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की पहचान और आर्थिक गतिविधियों को भी नई उड़ान दे सकती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।