जिले में ओवरलोड वाहनों पर बड़ा एक्शन, 206 वाहनों के चालान, 50 लाख 80 हजार रुपये वसूले

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (19/05/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर में ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गौतमबुद्धनगर डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन) नंद कुमार, अभिषेक कनौजिया एवं यात्रीकर अधिकारियों द्वारा ओवरलोडिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए मई माह में 206 ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चालान किए गए।

इन वाहनों को सेक्टर-142, जेवर क्षेत्र, नॉलेज पार्क, बादलपुर और डी-पार्क सेक्टर-62 थाना क्षेत्रों में निरुद्ध किया गया। साथ ही 1 करोड़ 29 लाख 40 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क आरोपित किया गया, जिसमें से अब तक 50 लाख 80 हजार रुपये वसूले जा चुके हैं।

उन्होंने ओवरलोडिंग करने वाले ट्रक और मिनी ट्रक संचालकों व वाहन चालकों को जागरूक करते हुए बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक माल लादने से कई गंभीर नुकसान हो सकते हैं। यह न केवल वाहन चालक और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए खतरा पैदा करता है, बल्कि आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान भी पहुंचाता है।

ओवरलोडिंग के नुकसान:

सड़क दुर्घटनाओं का खतरा:
अधिक वजन के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ सकता है, जिससे ब्रेक फेल होने, टायर फटने या वाहन पलटने की संभावना बढ़ जाती है। इससे चालक और अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है।

वाहन को नुकसान:
ओवरलोडिंग से इंजन, सस्पेंशन, टायर और ब्रेक पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे वाहन जल्दी खराब होता है और मरम्मत का खर्च बढ़ जाता है।

सड़कों को नुकसान:
अधिक वजन वाले वाहन सड़कों पर गड्ढे और दरारें पैदा करते हैं, जिससे सड़कें जल्दी खराब होती हैं और सरकार को बार-बार मरम्मत करानी पड़ती है।

ईंधन की अधिक खपत:
ओवरलोडेड वाहनों में अधिक ईंधन खर्च होता है, जिससे परिवहन लागत बढ़ती है और प्रदूषण भी अधिक फैलता है।

कानूनी कार्रवाई का खतरा:
मोटर वाहन अधिनियम के तहत ओवरलोडिंग गैरकानूनी है। पकड़े जाने पर 20 हजार रुपये तथा 2 हजार रुपये प्रति टन तक जुर्माना, वाहन जब्ती, चालक लाइसेंस और परमिट निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

समय की बर्बादी:
ओवरलोडेड वाहन धीमी गति से चलते हैं और बार-बार खराब होने के कारण माल की डिलीवरी में देरी होती है, जिससे व्यापार प्रभावित होता है।

ओवरलोडिंग न करने की अपील

उन्होंने सभी ट्रक चालकों, मालिकों और परिवहन व्यवसायियों से अपील की कि वे वाहनों की निर्धारित क्षमता का पालन करें और ओवरलोडिंग से बचें। इससे न केवल सड़क सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि वाहनों की उम्र बढ़ेगी, सड़कों की गुणवत्ता बनी रहेगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।