राष्ट्रीय लोक अदालत में 10,70,372 मामलों का निस्तारण, 937.71 करोड़ की समझौता धनराशि

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (10/05/2026): जनपद गौतमबुद्ध नगर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत (National Lok Adalat) में इस बार ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन में शनिवार को आयोजित इस लोक अदालत में कुल 10,70,372 मामलों का निस्तारण हुआ तथा लगभग 937.71 करोड़ रुपये की समझौता राशि निर्धारित हुई।

दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित लोक अदालत का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत ने बताया कि राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में मुख्यालय एवं तहसील स्तर पर लोक अदालत का आयोजन किया। लोक अदालत में न्यायालय स्तर पर कुल 3,03,925 वादों का निस्तारण किया गया, जबकि प्री-लिटिगेशन स्तर पर 7,66,447 मामलों का निपटारा हुआ। विभिन्न विभागों ने भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया।

प्री-लिटिगेशन मामलों में पुलिस विभाग के 13,509, यातायात विभाग के 4,99,452, चिकित्सा विभाग के 99,045, यू.पी.पी.सी.एल. के 5,780, श्रम न्यायालय के 1,045 सहित अन्य विभागों के मामलों का निस्तारण किया। नोएडा प्राधिकरण द्वारा 6,123 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि राजस्व विभाग के 1,08,286 मामलों का समाधान किया।

न्यायालय स्तर पर विभिन्न न्यायालयों द्वारा भी बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण, परिवार न्यायालय, वाणिज्य न्यायालय, एनआई एक्ट कोर्ट, पोक्सो कोर्ट सहित अन्य न्यायालय शामिल रहे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा 79,368 मामलों का निस्तारण किया। इसके अलावा वर्चुअल कोर्ट में भी हजारों चालानों का निपटारा हुआ। अधिकारियों ने इसे न्याय व्यवस्था को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।।

 


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।