श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026 का शुभारंभ, गौतम बुद्ध नगर में भव्य आयोजन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (01/05/2026): अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के सम्मान और कल्याण को समर्पित ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का भव्य आगाज़ किया। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ गौतम बुद्ध नगर में भी किया गया।
जनपद में यह कार्यक्रम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रमिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर भी श्रमिकों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ने का अवसर मिला।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास से जुड़े मुद्दों पर लगातार कार्य कर रही है और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं और प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया, वहीं श्रमिकों को टूलकिट और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान गौतम बुद्ध नगर के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी गई। ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण के लिए लगभग 7 एकड़ भूमि का आवंटन पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा जेवर क्षेत्र में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास भी किया गया।

जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 201 स्थानों पर मेगा हेल्थ कैंप और 25 मोबाइल चिकित्सा वैन (मुख्यमंत्री आरोग्य रथ) का शुभारंभ किया गया। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी एवं एंबुलेंस रूम की आधारशिला रखी गई। इसके अतिरिक्त 4 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर मशीनें और 43 क्रेच (शिशु कक्ष) का लोकार्पण भी किया गया। पांच नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध कर स्वास्थ्य सेवाओं के दायरे को और विस्तारित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के लिए एक विशेष पहल के तहत हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से फूड वैन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस योजना के अंतर्गत सप्ताह में तीन दिन लगभग 600 श्रमिकों को निशुल्क, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा विशेष रूप से उन कामगारों के लिए लाभकारी होगी, जो दूर-दराज से आकर औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं।

ग्रेटर नोएडा में आयोजित समारोह में औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न प्रतिष्ठानों से जुड़े श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे आयोजन व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह आयोजन राज्य सरकार की श्रमिक हितैषी नीतियों और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे प्रदेश में श्रमिक वर्ग के बीच नई उम्मीद और विश्वास का संचार हुआ है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।