कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में “रोगी सुरक्षा एवं गुणवत्ता” पर शिक्षण सत्र आयोजित

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (22/04/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में बुधवार को विद्यार्थियों के लिए “रोगी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता” विषय पर एक महत्वपूर्ण शिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच), जो क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) का एक प्रमुख घटक है, के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एम्स नई दिल्ली के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्या एवं एनएबीएच कार्यक्रम समन्वयक डॉ. लता वेंकटेशन और सह-समन्वयक सुश्री मोनिका कौशिक उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और रोगी सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

अपने संबोधन में डॉ. लता वेंकटेशन ने कहा कि रोगी सुरक्षा स्वास्थ्य सेवाओं का मूल आधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी मरीज के जीवन पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है, इसलिए प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सर्वोच्च सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा का अर्थ केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि सही समय पर सही तरीके से मरीज को सर्वोत्तम देखभाल प्रदान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज के छात्र ही कल के स्वास्थ्यकर्मी हैं, इसलिए उन्हें अपने पेशे में अनुशासन, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के मानकों को अपनाना चाहिए। ऐसा करने से वे न केवल एक सफल पेशेवर बनेंगे, बल्कि समाज में विश्वास और सेवा का उदाहरण भी स्थापित करेंगे।

सत्र के दौरान उन्होंने एनएबीएच के गुणवत्ता मानकों, अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, दवा प्रबंधन, प्रभावी संचार, रिकॉर्ड प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों के अधिकारों की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को वैश्विक स्तर तक ले जाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं।

इस अवसर पर संस्थान की शैक्षणिक निदेशक श्रीमती बिंदिया गोयल ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोगी सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराना समय की जरूरत है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को अधिक जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्षम स्वास्थ्यकर्मी बनने में मदद करते हैं।

वहीं, कैलाश ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक श्री संदीप गोयल ने अपने संदेश में कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के लिए कुशल और जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, व्यवहारिक प्रशिक्षण और नैतिक मूल्यों के समन्वय से छात्रों को इस तरह प्रशिक्षित किया जा रहा है कि वे भविष्य में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सकें।

कार्यक्रम में नर्सिंग संकाय की प्रोफेसर रचना, प्रोफेसर साक्षी श्रीवास्तव, सुरभि, लक्ष्मी, जागृति सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। अंत में प्रोफेसर साक्षी श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह शिक्षण सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक साबित हुआ, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।