नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: सॉफ्टवेयर इंजीनियर से ‘एक्टिविस्ट’ बने आदित्य आनंद पर STF का शिकंजा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (19/04/2026): नोएडा में हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी आदित्य आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी रूप से दक्ष इस आरोपी पर आरोप है कि उसने संगठित तरीके से मजदूरों को उकसाकर आंदोलन को हिंसक रूप देने में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले का रहने वाला आदित्य करीब पांच वर्ष पहले नौकरी की तलाश में नोएडा आया था। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। इसी दौरान वह सोशल मीडिया के माध्यम से श्रमिक संगठनों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे सक्रिय भूमिका निभाने लगा।

जांच एजेंसियों का दावा है कि वर्ष 2022 के बाद से आदित्य ने खुद को श्रमिक मुद्दों से जोड़ लिया और विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर औद्योगिक इकाइयों से जुड़े डेटा एकत्र करना शुरू किया। इसी क्रम में उसकी पहचान कुछ प्रमुख श्रमिक नेताओं से हुई, जिनके साथ मिलकर उसने नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाई।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा के मुताबिक, मार्च के अंतिम सप्ताह में नोएडा के सेक्टर-37 स्थित एक मकान में कई संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। इस दौरान कथित रूप से आंदोलन को उग्र बनाने की रणनीति तैयार की गई। आरोप है कि आदित्य ने अपनी तकनीकी जानकारी का उपयोग करते हुए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ने का काम किया।

पुलिस का कहना है कि इस योजना के तहत श्रमिकों के प्रदर्शन को धीरे-धीरे आक्रामक रूप दिया गया, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई। प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर पुलिस पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

घटना के बाद से फरार चल रहे आदित्य पर गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं। सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की गई, जिसके बाद उसे तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली रेलवे स्टेशन से दबोच लिया गया।

जांच में सामने आया है कि आदित्य ने अपनी पहचान छिपाने के लिए घटना के बाद अपना हुलिया भी बदल लिया था। हालांकि, तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर STF ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 9 अप्रैल से प्रदर्शन शुरू किया था। कई दिनों तक मांगों पर सुनवाई न होने से असंतोष बढ़ता गया और 13 अप्रैल को स्थिति अचानक हिंसक हो गई। भीड़ ने विभिन्न सेक्टरों में पुलिस और औद्योगिक इकाइयों को निशाना बनाया।

सेक्टर-57, 40, 60 और 85 सहित कई इलाकों में तोड़फोड़ और घेराव की घटनाएं हुईं, जबकि प्रमुख सड़कों पर जाम लगाकर आवागमन बाधित किया गया। हालात काबू में करने के लिए प्रशासन को RAF और PAC जैसी अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने देर रात हस्तक्षेप करते हुए न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी की घोषणा की। मजदूरी दरों में करीब 3000 रुपये तक की वृद्धि की गई, जिसे 1 अप्रैल से प्रभावी किया गया।फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां इस पूरे मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि हिंसा में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।