“आपकी पीढ़ी सबसे लेटेस्ट है, और सबसे बेस्ट है”, NIU Convocation में Gen Z के बीच रक्षा मंत्री का संदेश

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (10/04/2026): ग्रेटर नोएडा में आयोजित नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (Noida International University) के दीक्षांत समारोह 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए उनके भविष्य, जिम्मेदारियों और देश निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से बात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों को डिग्री प्राप्त करने पर बधाई दी और इसे जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया, जहां से प्रोफेशनल करियर की शुरुआत होती है।

अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के प्रति हमेशा कृतज्ञता व्यक्त करें। उन्होंने कहा कि सफलता की इस यात्रा में इन सभी का महत्वपूर्ण योगदान होता है, जिसे कभी नहीं भूलना चाहिए।

राजनाथ सिंह ने ‘जेन-जी’ पीढ़ी की सराहना करते हुए कहा कि आज के युवा आलसी नहीं बल्कि स्व-प्रेरित, निर्णय लेने में सक्षम और विविधता को स्वीकार करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह पीढ़ी सहयोग, नवाचार और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ रही है।

छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि वे केवल दूसरों की सफलता की कहानियां न सुनें, बल्कि अपनी खुद की कहानी लिखें। उन्होंने हनुमान जी और जामवंत जी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे हनुमान जी को अपनी शक्ति का स्मरण कराया गया था, वैसे ही हर व्यक्ति को अपनी क्षमताओं को पहचानना चाहिए।

उन्होंने ‘द अल्केमिस्ट’ पुस्तक की एक कहानी के माध्यम से जीवन में संतुलन का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने सपनों का पीछा करते हुए जीवन की सुंदरता का आनंद लेना चाहिए, लेकिन साथ ही अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को भी नहीं भूलना चाहिए।

अपने भाषण में उन्होंने एक गणितीय उदाहरण देते हुए कहा कि मन का दायरा जितना बड़ा होगा, सुख और आनंद की मात्रा उतनी ही बढ़ेगी। उन्होंने छात्रों को बड़े मन के साथ कार्य करने और समाज के लिए योगदान देने की प्रेरणा दी।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के संदर्भ में राजनाथ सिंह ने कहा कि तकनीक का उद्देश्य केवल मुनाफा कमाना नहीं होना चाहिए, बल्कि मानवता की सेवा भी होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इनोवेशन का लक्ष्य केवल बाजार की मांग नहीं बल्कि समाज की वास्तविक जरूरतों को पूरा करना होना चाहिए।

भारत की प्रगति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश वैश्विक नवाचार सूचकांक में 81वें स्थान से 38वें स्थान पर पहुंच गया है और दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि Narendra Modi के नेतृत्व में देश का सेमीकंडक्टर क्षेत्र और बायो-इकोनॉमी तेजी से विकसित हो रही है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य और चरित्र पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कपड़ों से नहीं बल्कि उसके चरित्र से होती है। उन्होंने अहंकार से बचने की सलाह देते हुए कहा कि यह व्यक्ति के मूल्य को कम कर देता है।

अपने संबोधन के जरिए राजनाथ सिंह ने युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करते हुए न केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल करें, बल्कि समाज और मानवता के विकास में भी सक्रिय योगदान दें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।