नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जल्द शुरू होगी फीडर बस सेवा, इन रूट्स पर दौड़ेंगी बसें

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (09/04/2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को जल्द ही बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने वाली है। शहर में मेट्रो स्टेशनों से अंतिम गंतव्य तक यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए फीडर बस सेवा शुरू की जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत करीब दो लाख लोगों को लास्ट माइल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रस्तावित योजना के अनुसार, इन बसों का संचालन मई माह से शुरू किया जाएगा।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पहले इस सेवा का शुभारंभ नोएडा स्थापना दिवस के अवसर पर करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन बसों के संचालन के लिए आवश्यक ढांचे जैसे डिपो, चार्जिंग स्टेशन और अन्य सुविधाएं समय पर तैयार न होने के कारण इसे कुछ समय के लिए टालना पड़ा।

मेट्रो स्टेशनों से जुड़े होंगे सभी रूट

इस योजना के अंतर्गत जो बस मार्ग निर्धारित किए गए हैं, वे प्रमुख मेट्रो स्टेशनों से होकर गुजरेंगे, जिससे यात्रियों को मेट्रो और बस सेवा के बीच आसानी से आवागमन का विकल्प मिल सके। खास बात यह है कि इन रूटों के माध्यम से ग्रेटर नोएडा वेस्ट और जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक भी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसें हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी। पहले चरण में कुल 45 बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि पांच अतिरिक्त बसों को स्टैंडबाय रखा जाएगा ताकि किसी बस में खराबी आने की स्थिति में सेवा प्रभावित न हो।

सभी बसें होंगी इलेक्ट्रिक

इस परियोजना के तहत पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इनमें 9 मीटर और 12 मीटर लंबाई की बसें शामिल होंगी। शुरुआती चरण में करीब 50 बसों को सेवा में शामिल करने की योजना है। इन बसों का संचालन उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) द्वारा किया जाएगा।

बसों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा भी विकसित किया जा रहा है। इसमें बसों के पार्किंग डिपो, चार्जिंग स्टेशन, सर्विस सेंटर, ड्राइवर और कंडक्टर के लिए विश्राम कक्ष तथा प्रशासनिक स्टाफ के लिए कार्यालय कक्ष शामिल होंगे।

सेक्टर-90 बनेगा मुख्य डिपो

इन बसों को नोएडा के सेक्टर-90 स्थित डिपो से संचालित किया जाएगा। यहां पहले भी शहर की बस सेवाएं संचालित होती रही हैं। अब इस परिसर की मरम्मत और आवश्यक सुविधाओं को विकसित कर इसे मुख्य संचालन केंद्र बनाया जाएगा।

संचालन और खर्च की जिम्मेदारी

बसों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी यूपी रोडवेज के पास होगी। हालांकि, टिकट बिक्री या प्रति किलोमीटर संचालन के आधार पर यदि किसी प्रकार का घाटा होता है तो उसकी भरपाई नोएडा प्राधिकरण द्वारा की जाएगी। रोडवेज हर महीने संचालन से जुड़े खर्च का बिल प्राधिकरण को भेजेगा, जिसके आधार पर भुगतान किया जाएगा।

रूट तय, दोबारा होगा सर्वे

प्राधिकरण ने चार प्रमुख बस मार्गों की रूपरेखा तैयार कर यूपी रोडवेज को सौंपी है। रोडवेज इन मार्गों का सर्वेक्षण कर अंतिम रूप देगा और जहां आवश्यक होगा वहां नए बस स्टॉप बनाने का प्रस्ताव भी देगा। हालांकि अधिकांश मार्गों पर पहले से ही बस स्टॉप मौजूद हैं।

प्रस्तावित बस रूट

रूट-1: बोटेनिकल गार्डन – गोल्फ कोर्स – सिटी सेंटर – होशियारपुर – सेक्टर 51 – पर्थला – गौर चौक – एक मूर्ति (लगभग 20 किमी)

रूट-2: बोटेनिकल गार्डन – सेक्टर 12/22 – रजनीगंधा चौक – एक्सप्रेसवे – परी चौक – जेवर एयरपोर्ट (लगभग 60 किमी
)
रूट-3: बोटेनिकल गार्डन – गोल्फ कोर्स – सिटी सेंटर – साईं मंदिर – रोड नंबर 6 – सेक्टर 62 – बरौला – भंगेल – सूरजपुर कोर्ट (लगभग 30 किमी)

रूट-4: बोटेनिकल गार्डन – सेक्टर 75, 76, 77 – सेक्टर 101 – सैमसंग रोड – डीएससी रोड (लगभग 20 किमी)

इन मार्गों पर यात्रियों की संख्या और दूरी को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग संख्या में बसें चलाई जाएंगी।

यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा

इस नई फीडर बस सेवा से विशेष रूप से उन लोगों को राहत मिलेगी जिन्हें मेट्रो स्टेशन तक पहुंचने या वहां से अपने घर तक जाने के लिए निजी वाहनों या महंगे परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शहर में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और यातायात दबाव भी कम होगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार को देखते हुए यह पहल लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।