जेवर एयरपोर्ट बदलेगा क्षेत्र का भविष्य: सांसद डॉ महेश शर्मा | Noida International Airport Inauguration

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (28/03/2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के प्रथम चरण का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट परिसर का निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया तथा इसके बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह अवसर न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण विकास मील का पत्थर माना जा रहा है। इस परियोजना को उत्तर भारत की आर्थिक और औद्योगिक प्रगति के लिए गेमचेंजर के रूप में देखा जा रहा है।

इस ऐतिहासिक मौके पर गौतमबुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने मीडिया से बातचीत में इस परियोजना को क्षेत्र के लिए परिवर्तनकारी बताते हुए कहा कि यह दिन न केवल उनके लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किए गए वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता आज फिर साबित हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सितंबर 2021 में जिस परियोजना का शिलान्यास किया था, आज उसी का उद्घाटन कर रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि जो कहा जाता है, उसे पूरा भी किया जाता है। यह एयरपोर्ट आने वाले समय में किसानों, युवाओं, व्यापारियों और उद्योग जगत—सभी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

एयरपोर्ट परियोजना के संघर्षपूर्ण सफर को याद करते हुए डॉ. महेश शर्मा ने बताया कि, एक समय ऐसा भी था जब इस परियोजना के जेवर में बनने को लेकर अनिश्चितता थी। उस समय कई स्थानों जैसे भिवाड़ी और रोहतक के नाम सामने आ रहे थे, और प्रदेश की पूर्व सरकार इसे अन्य क्षेत्रों में ले जाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प के कारण यह परियोजना जेवर में ही साकार हो सकी, उन्होंने कहा।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय क्षेत्र के किसानों को देते हुए कहा कि उनकी सहमति और सहयोग के बिना यह संभव नहीं था। मैं उन धरती पुत्र किसानों का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपनी जमीन देकर इस बड़े सपने को साकार करने में योगदान दिया। यह उनका त्याग है, जो आज विकास के रूप में सामने आ रहा है।

भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए सांसद ने कहा कि यह एयरपोर्ट रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे प्रमुख मार्गों से जुड़ा हुआ है। दिल्ली के नजदीक होने के कारण यह राजधानी का एक महत्वपूर्ण सपोर्ट एयरपोर्ट भी बनेगा।

उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना आकार और सुविधाओं के लिहाज से बेहद विशाल है। यह एयरपोर्ट क्षेत्रफल के हिसाब से दिल्ली के एयरपोर्ट से लगभग ढाई गुना बड़ा है। यहाँ कार्गो सेवाएं, यात्री सुविधाएं और एमआरओ (Maintenance, Repair and Overhaul) जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी, जो इसे एक पूर्ण विकसित एविएशन हब बनाएंगी।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देश आज वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री का संकल्प है कि भारत और भारतीयों का सम्मान विश्व के शिखर पर पहुंचे, और आज हम उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। भारत ‘युद्ध नहीं, बुद्ध’ के मार्ग पर चलते हुए विकास और शांति के नए मानक स्थापित कर रहा है। आज हर व्यक्ति इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनना चाहता है और प्रधानमंत्री का अभिनंदन करने के लिए उत्सुक है ।

किसानों के योगदान को पुनः रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी परियोजना के बावजूद भूमि अधिग्रहण में कहीं कोई बड़ा विरोध देखने को नहीं मिला। यह किसानों के विश्वास और विकास के प्रति उनकी सकारात्मक सोच का परिणाम है। आज जिस जमीन की कीमत पहले कुछ लाख रुपये थी, वह अब कई गुना बढ़ चुकी है। यह परिवर्तन ही विकास की असली तस्वीर है । अंत में उन्होंने दोहराया कि यह एयरपोर्ट केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का आधार है, जो आने वाले समय में रोजगार, व्यापार और निवेश के नए अवसर लेकर आएगा।

इस विशेष और ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा , नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सीईओ क्रिस्टोफ स्कैनलमैन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।