शारदा अस्पताल में जटिल सर्जरी से 18 वर्षीय किशोरी को मिली नई जिंदगी, 10 साल बाद खुला मुंह

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (20/03/2026): शारदा अस्पताल एवं स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज (Sharda Hospital and School of Dental Sciences), ग्रेटर नोएडा में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 18 वर्षीय किशोरी को नई जिंदगी दी है। गाजियाबाद निवासी यह युवती पिछले करीब 8–10 वर्षों से अपने मुंह को सामान्य रूप से खोलने में असमर्थ थी, लेकिन अब सर्जरी के बाद वह सामान्य जीवन जीने की ओर लौट रही है।

जानकारी के अनुसार, बचपन में गिरने के कारण किशोरी के जबड़े में चोट लग गई थी। समय पर उचित उपचार न मिलने के कारण धीरे-धीरे उसका जबड़ा जाम हो गया और स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वह केवल 2–3 मिलीमीटर तक ही मुंह खोल पाती थी। इसके चलते उसे खाना खाने, बोलने और यहां तक कि मुंह की सफाई करने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लंबे समय तक वह केवल तरल आहार पर निर्भर रही, जिससे उसके स्वास्थ्य और विकास पर भी असर पड़ा।

परिजनों ने उसे कई सरकारी और निजी अस्पतालों में दिखाया, लेकिन कहीं भी संतोषजनक उपचार नहीं मिल सका। अंततः जब वह शारदा अस्पताल पहुंची, तो विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि वह टीएमजे एंकायलोसिस (TMJ Ankylosis) नामक बीमारी से पीड़ित है, जिसमें जबड़े का जोड़ आपस में जुड़ जाता है और मुंह खुलना बंद हो जाता है।

ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग की टीम, जिसका नेतृत्व डॉ. सचिन कुमार (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष) कर रहे थे, ने इस जटिल सर्जरी को अंजाम दिया। टीम में डॉ. रोहित शर्मा, डॉ. सिद्धार्थ रावत, डॉ. पियूष वत्सा और डॉ. कामना पांडेय शामिल रहे।

डॉ. सचिन कुमार ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि, यह एक बेहद चुनौतीपूर्ण और लंबे समय से लंबित मामला था। मरीज को करीब 8–10 साल पहले चोट लगी थी, जिसे शुरुआत में नजरअंदाज कर दिया गया। धीरे-धीरे जबड़े का जोड़ खोपड़ी के साथ जुड़ गया, जिससे उसका मुंह लगभग बंद हो गया। जब वह हमारे पास आई, तब उसकी माउथ ओपनिंग केवल 2–3 मिमी थी, जो बेहद गंभीर स्थिति मानी जाती है।

उन्होंने आगे कहा, इस प्रकार की सर्जरी में जबड़े के जमे हुए जोड़ को खोपड़ी से अलग करना पड़ता है और उसके बीच एक गैप बनाकर उसमें मसल या टिशू लगाया जाता है, ताकि दोबारा जोड़ न बने। यह प्रक्रिया काफी जटिल होती है, क्योंकि इसमें ब्लीडिंग और अन्य जोखिम भी रहते हैं। लेकिन हमारी टीम ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन किया।

डॉक्टरों के अनुसार, ऑपरेशन के बाद किशोरी की माउथ ओपनिंग लगभग 4 से 4.5 सेंटीमीटर तक पहुंच गई है, जो सामान्य स्थिति के करीब है। अब वह न केवल ठोस भोजन कर पा रही है, बल्कि साफ बोलने और दैनिक गतिविधियां करने में भी सक्षम हो गई है।

डॉ. सचिन कुमार ने बताया, पहले मरीज केवल लिक्विड डाइट पर थी और उसका शारीरिक विकास भी प्रभावित हो रहा था। अब सर्जरी के बाद उसकी सभी प्रमुख समस्याएं दूर हो गई हैं। हालांकि, पूरी तरह स्वस्थ रहने के लिए उसे 6 महीने से 1 साल तक नियमित फिजियोथेरेपी और मुंह खोलने की एक्सरसाइज करनी होगी, ताकि स्थिति दोबारा न बिगड़े। उन्होंने यह भी सलाह दी कि ऐसी चोट लगने पर शुरुआती दौर में ही डॉक्टर से परामर्श लेना बेहद जरूरी है, ताकि स्थिति गंभीर न हो।

सोनिया की मां ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, मैं आज बहुत खुश हूं और दिल से डॉक्टरों को दुआ देती हूं। मेरी बेटी का 10 साल से मुंह नहीं खुल रहा था, लेकिन यहां के डॉक्टरों ने सिर्फ 10 दिनों में उसे ठीक कर दिया। हमने कई बड़े अस्पतालों में इलाज कराया—जीटीबी अस्पताल, ओखला, जामिया तक गए, लेकिन कहीं भी राहत नहीं मिली। यहां आने के बाद हमें सही इलाज मिला।

उन्होंने आगे कहा, डॉ. सचिन कुमार और उनकी टीम ने न केवल सफल ऑपरेशन किया, बल्कि मेरी बेटी की बहुत अच्छी देखभाल भी की। अब वह सामान्य तरीके से खा-पी सकती है और बोल सकती है। हम बहुत संतुष्ट और आभारी हैं।

यह मामला न केवल आधुनिक चिकित्सा तकनीक और विशेषज्ञता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सही समय पर सही उपचार मिलने से गंभीर से गंभीर समस्या का समाधान संभव है। शारदा अस्पताल की इस सफलता ने एक किशोरी को सामान्य जीवन जीने का अवसर दिया है और चिकित्सा क्षेत्र में एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।