महिला आयोग सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (09/03/2026):
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में आज सोमवार को विकास भवन सभागार, गौतमबुद्ध नगर में महिला जनसुनवाई (Women’s Public Hearing) कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें सदस्य के समक्ष प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में महिलाओं से संबंधित लगभग 50 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, उत्पीड़न मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जनसुनवाई के दौरान डॉ. मीनाक्षी भराला ने सभी फरियादी महिलाओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्रत्येक मामले का संज्ञान लेते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर अनुश्रवण करते हुए उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से किया जा सके।
सदस्य डॉ मिनाक्षी भराला ने बैठक में उपस्थित पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाली फरियादी महिलाओं की समस्याओं को अत्यंत संवेदनशीलता, सहानुभूति और मधुर व्यवहार के साथ सुना जाए। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाएं सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण अपनी समस्याएं खुलकर नहीं रख पाती हैं, ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे उन्हें भरोसा दिलाएं और न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं।
डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ-साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। आयोग यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी महिला को अन्याय या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े तथा उसकी शिकायत का त्वरित और निष्पक्ष समाधान हो।
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जनसुनवाई में उपस्थित महिला अधिकारियों, कर्मचारियों तथा फरियादी महिलाओं को पौधे भेंट कर उन्हें महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय अजय कुमार, डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा, एसीपी दीक्षा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, एसीएमओ टीकम सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।