आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज में माँ की चौकी, भक्तिमय माहौल में गूंजे जयकारे
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (28/11/2026): आई.टी.एस. इंजीनियरिंग कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर परंपरानुसार भव्य माँ की चौकी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आई.टी.एस. द एजुकेशन ग्रुप (ITS The Education Group) के प्रत्येक परिसर में माँ की चौकी के आयोजन की परंपरा वर्ष 1995 से चली आ रही है। इंजीनियरिंग कॉलेज में इस परंपरा का निर्वहन वर्ष 2005 से किया जा रहा है। संस्थान की परंपरा के अनुसार प्रत्येक शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ में माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए माँ की चौकी आयोजित की जाती है।
इस अवसर पर माँ दुर्गा के भव्य पंडाल में माँ वैष्णो देवी के साथ भगवान गणेश, भगवान शिव, श्री राधा-कृष्ण, भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी की मनमोहक मूर्तियों की स्थापना की गई। विधिवत पूजा-अर्चना एवं आराधना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ आई.टी.एस. द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.पी. चड्ढा, वाइस चेयरमैन सोहेल चड्ढा, सेक्रेटरी बी.के. अरोड़ा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र सूद, संस्थान के निदेशक डॉ. मयंक गर्ग, डीन एकेडमिक्स, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. संजय यादव, डीन डॉ. विष्णु शर्मा तथा विभिन्न विभागाध्यक्षों ने किया।

माँ की चौकी के दौरान पूरा आई.टी.एस. ग्रेटर नोएडा परिसर भक्तिमय वातावरण में नजर आया। माँ के भजनों और ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने प्रसिद्ध भजनों “चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है” और “पौड़ी-पौड़ी चढ़ता जा, जय माता दी गाता जा” का सामूहिक गायन किया और भक्तिरस में सराबोर हो गए।
कार्यक्रम में आई.टी.एस. के विद्यार्थियों के साथ नवागंतुक विद्यार्थियों के माता-पिता एवं ग्रेटर नोएडा के गणमान्य व्यक्तियों को भी सपरिवार आमंत्रित किया गया। विद्यार्थियों ने माँ वैष्णो देवी की पूजा-अर्चना कर अपने उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, विद्यार्थियों के माता-पिता एवं अभिभावकों ने भी माँ के चरणों में नमन करते हुए अपने परिवार एवं संतानों की सद्बुद्धि, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

कार्यक्रम के अंत में आई.टी.एस. परिवार के सदस्यों, अतिथियों एवं आगंतुकों ने सामूहिक रूप से माँ की आरती में भाग लिया और माँ का आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।