National News (22 फरवरी 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने ‘मन की बात’ की 131वीं कड़ी में देशवासियों को संबोधित करते हुए तकनीक, खेल, कृषि, अंगदान, सांस्कृतिक विरासत, डिजिटल सुरक्षा और परीक्षार्थियों के उत्साह जैसे विविध विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने हाल ही में दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित Global AI Impact Summit को भारत के लिए ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह सम्मेलन आने वाले समय में AI के वैश्विक उपयोग की दिशा तय करने वाला टर्निंग पॉइंट साबित हुआ है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस समिट में भारत की AI क्षमताओं को दुनिया ने करीब से देखा। उन्होंने अमूल के बूथ का उल्लेख करते हुए कहा कि किस तरह AI तकनीक के जरिए पशुओं के इलाज और डेयरी प्रबंधन में किसानों की 24×7 सहायता की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय संस्कृति से जुड़े एक विशेष AI प्रोजेक्ट का जिक्र किया, जिसमें प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को आधुनिक तकनीक के जरिए संरक्षित और अनुवादित किया जा रहा है। विशेष रूप से Sushruta Samhita के डिजिटलीकरण और AI अवतार द्वारा उसके पाठ का प्रदर्शन विश्व नेताओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
खेल जगत की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने T-20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व जताया। उन्होंने कनाडा, अमेरिका, ओमान, न्यूजीलैंड, यूएई और इटली की टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ियों के योगदान को भारतीयता की विशेषता बताया, जो मातृभूमि से जुड़े रहते हुए कर्मभूमि का भी गौरव बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने केरल की 10 माह की मासूम आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह निर्णय पूरे देश को प्रेरित करने वाला है। उन्होंने अंगदान के बढ़ते जागरूकता अभियान की सराहना की और कहा कि इससे कई लोगों को नया जीवन मिल रहा है। उन्होंने हृदय, फेफड़े और किडनी ट्रांसप्लांट के बाद सामान्य जीवन जी रहे लोगों के उदाहरण भी साझा किए।
आज़ादी के अमृत महोत्सव के दौरान लिए गए ‘पंच प्रण’ की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अब गुलामी के प्रतीकों को पीछे छोड़ अपनी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान दे रहा है। इसी क्रम में उन्होंने राष्ट्रपति भवन में 23 फरवरी को आयोजित ‘राजाजी उत्सव’ का उल्लेख किया, जहां स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल C. Rajagopalachari की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश आर्किटेक्ट Edwin Lutyens की प्रतिमा के स्थान पर राजाजी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने KYC और re-KYC प्रक्रिया को बैंक खातों की सुरक्षा के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि केवल अधिकृत माध्यमों से ही अपनी जानकारी साझा करें और OTP या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा आयोजित वित्तीय साक्षरता सप्ताह का भी उल्लेख किया।
कृषि क्षेत्र में नवाचार की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने ओडिशा के युवा किसान हिरोद पटेल के बहु-आयामी खेती मॉडल की सराहना की। उन्होंने बताया कि भारत 15 करोड़ टन से अधिक चावल उत्पादन के साथ दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक बन चुका है। कर्नाटक के नंजनगुड केले, मैसूरु पान और इंडी नींबू जैसे GI टैग उत्पादों के निर्यात का भी उल्लेख किया।
सांस्कृतिक विरासत के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने उत्तर भारत के महाकुंभ की तरह केरल के तिरुनावाया में आयोजित ‘मामंगम’ या ‘केरल कुंभ’ की पुनर्प्रतिष्ठा को भारत की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नदियां अलग हो सकती हैं, लेकिन आस्था की धारा एक है।
कार्यक्रम में उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री J. Jayalalithaa को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और उनके सुशासन व महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को याद किया।
अंत में प्रधानमंत्री ने परीक्षार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि वे ‘एग्जाम वॉरियर्स’ हैं और अंक ही उनकी पहचान नहीं है। आत्मविश्वास बनाए रखें और तनाव से दूर रहें। साथ ही रमजान और होली के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दोहराया और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से निरंतर सुझाव भेजते रहने का आह्वान करते हुए अपने संबोधन का समापन किया और आने वाले त्योहारों के लिए शुभकामनाएं दीं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।