PM नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जेवर में ‘इंडिया चिप’ सेमीकंडक्टर परियोजना का किया शिलान्यास

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (22/02/2026): भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने वर्चुअल माध्यम से गौतमबुद्ध नगर के जेवर क्षेत्र में ‘इंडिया चिप’ (Indian Chip) सेमीकंडक्टर परियोजना का शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( Chief Minister Yogi Adityanath) मौजूद रहे। यह परियोजना उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर इकाई है, जिसे एचसीएल ग्रुप (HCL Group) और फॉक्सकॉन (Foxconn) के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह परियोजना भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में मजबूत भागीदारी दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी तकनीक की सदी है और सेमीकंडक्टर आधुनिक अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। मोबाइल फोन, ऑटोमोबाइल, रक्षा प्रणालियां, चिकित्सा उपकरण और डिजिटल अवसंरचना—हर क्षेत्र में चिप की अहम भूमिका है। इस इकाई की स्थापना से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम बढ़ेगा और मेक इन इंडिया व डिजिटल इंडिया अभियानों को नई ऊर्जा मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजनाओं और नीतिगत सुधारों के चलते इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्थापित हो रही यह अत्याधुनिक इकाई हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश के युवाओं के कौशल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश को हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। भारत का लक्ष्य केवल घरेलू जरूरतों तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक निर्यात केंद्र के रूप में उभरना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश ‘स्केल और स्पीड’ के साथ औद्योगिक विकास की नई मिसाल पेश कर रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में 3,700 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली यह परियोजना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में ‘फियरलेस बिजनेस’ और ‘ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस’ का मजबूत वातावरण बना है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जेवर क्षेत्र कभी अराजकता और असुरक्षा के लिए जाना जाता था, लेकिन आज वही इलाका देश के औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान बना रहा है। यहां स्थापित हो रही डिस्प्ले ड्राइवर सेमीकंडक्टर ओएसएटी यूनिट उत्तर प्रदेश की तकनीकी क्षमता को नई ऊंचाई देगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, किसानों और प्रशासन के सहयोग को इस परियोजना की सफलता का आधार बताया।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि इस प्लांट में हर महीने 3 करोड़ 60 लाख चिप का उत्पादन होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे की सराहना करते हुए कहा कि राज्य औद्योगिक विकास में अग्रणी बनकर उभरा है।

एचसीएल ग्रुप की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा ने कहा कि यह परियोजना समूह की विकास यात्रा में नया अध्याय है और भारत के तकनीकी एवं विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र में योगदान को और सुदृढ़ करेगी। फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर बिजनेस ग्रुप के अध्यक्ष बॉब चेन ने इसे भारत में निर्माण, संचालन और स्थानीयकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद महेश शर्मा और सुरेंद्र नागर सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह परियोजना उत्तर प्रदेश को वैश्विक सेमीकंडक्टर मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में निर्णायक कदम मानी जा रही है और इसे नए भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।