भव्य हिन्दू विराट सम्मेलन में गूंजा एकता, संस्कृति संरक्षण और राष्ट्र सेवा का संदेश

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (10/02/2026): सेक्टर-10 स्थित एसटी टेरेसा स्कूल पार्क, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रविवार को भव्य हिन्दू विराट सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा एवं बाल कलाकारों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य हिन्दू समाज को एकजुट करना, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

सम्मेलन में उपस्थित संतों ने हिन्दू एकता, हिन्दू संस्कृति और परंपराओं की रक्षा, अपनी वेशभूषा और आचार-विचार को बनाए रखने, मातृशक्ति के सम्मान एवं संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वाभिमान और राष्ट्र रक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे। संतों ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए संगठित होना समय की आवश्यकता है। इस दौरान यह भी कहा गया कि जिन लोगों ने अपनी पूजा पद्धति बदली है, वे भी मूल रूप से हिन्दू हैं और उनके पूर्वज भी हिन्दू रहे हैं, इसलिए समाज को उन्हें अपनाते हुए घर वापसी के लिए प्रेरित करना चाहिए।

मातृशक्ति की सहभागिता सम्मेलन का विशेष आकर्षण रही। महिलाओं ने पंच परिवर्तन और वर्तमान समाज में व्याप्त कुरीतियों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से विचार व्यक्त किए। वहीं बाल कलाकारों ने देश और मातृभूमि के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण को दर्शाती प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रान्ति महाराज ने अपने संबोधन में हिन्दू समाज में आपसी प्रेम, एकता और सेवा भाव को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जब समाज स्वयं की सेवा और संगठन को प्राथमिकता देगा, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा।

मुख्य वक्ता जितेन्द्र ने अपने उद्बोधन में संघ की सौ वर्षों की यात्रा, उसके सामाजिक योगदान और पंच परिवर्तन की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने मातृभाषा के अधिक से अधिक उपयोग, मंत्रोच्चारण और सांस्कृतिक चेतना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संघ के सौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न स्थानों पर भव्य हिन्दू विराट सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रहे हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ईकोटेक-3 थाना एवं चौकी से पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। सुरक्षा व्यवस्था में योगदान के लिए उपनिरीक्षक नरेश चंद्र सहित पुलिस टीम के प्रति आयोजकों ने आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में लगभग 900 लोगों की उपस्थिति रही, जिनमें करीब 800 वयस्क और 100 बालक-बालिकाएं शामिल थीं।

कार्यक्रम का समापन आयोजन अध्यक्ष मूलचंद के ऊर्जावान संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने समस्त संत समाज, अतिथियों, पुलिस प्रशासन और हिन्दू आयोजन समिति के सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए समाज को एकजुट होकर राष्ट्र और संस्कृति के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।