12वाँ विहंग जन्मोत्सव: ‘आदर्श गांव’ बनने की दिशा में मजबूत कदम.

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा/गाजियाबाद (08 फरवरी 2026): ग्राम विहंग के 12वें जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को शिव मंदिर प्रांगण, ग्राम विहंग, मुरादनगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अभिनव गोपाल (सीडीओ), राजन छिब्बर (सलाहकार, आंध्र प्रदेश सरकार), राजीव त्यागी (ब्लॉक प्रमुख, मुरादनगर), राधे कृष्ण अरोड़ा (पूर्व अध्यक्ष, मुरादनगर), विकास यादव (जिला पंचायत सदस्य), अमित त्यागी (सारण जिला पंचायत सदस्य), मनोज (प्रधान, सुलतानपुर) और आयुष त्यागी (जिला अध्यक्ष, हिंदू वाहिनी, मुरादनगर) शामिल रहे। कार्यक्रम में अतिथियों का सम्मान किया गया और ग्राम विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। आयोजन का निवेदन राष्ट्रीय सैनिक संस्था द्वारा किया गया।

राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल तेजिंदर पाल सिंह ने टेन न्यूज से विशेष बातचीत में बताया कि भिंग (Bhing) गांव हिंडन नदी के किनारे बसा एक छोटा, लेकिन सामाजिक समरसता और जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत करने वाला गांव है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में गांव में किसी को बुखार तक नहीं आया और वर्तमान में यहां कोई भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2014 की अपील के बाद से गांव में प्रतिवर्ष जन्मोत्सव मनाया जा रहा है—अब तक 11 आयोजन हो चुके हैं और यह 12वां जन्मोत्सव है। इस अवसर पर सामूहिक भोजन, बच्चों की पेंटिंग व खेल प्रतियोगिताएं तथा प्रशासनिक विभागों की सहभागिता के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कर्नल तेजिंदर पाल सिंह ने बताया कि गांव के विकास के लिए बाहरी लोगों को भी आमंत्रित किया जाता है। हाल ही में जिला पंचायत सदस्य विकास यादव ने चार स्ट्रीट लाइट लगवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि गांव में कार्य स्वार्थ, राजनीति और आर्थिक लाभ से दूर रहकर किए जाते हैं, जहां कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी को प्राथमिकता दी जाती है। लगभग 900–1000 की आबादी वाले इस गांव की विशेष पहचान यह भी है कि यहां से एक जीवित वीर चक्र विजेता हैं।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर गांव में सरकारी सैनिक स्कूल खोलने, रोजगार के लिए बड़े प्रोजेक्ट की स्थापना और अगले जन्मदिन पर गांव आगमन का अनुरोध किया गया है। वहीं, विकास यादव ने कहा कि गांव को ‘आदर्श गांव’ के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली, जिससे जागरूकता और भागीदारी बढ़ी है।

जन्मोत्सव कार्यक्रम में एक महिला ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे इसी तरह चमकते-दमकते रहें और गांव का नाम रोशन करें। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि विहंग गांव को मिल रहा सहयोग और प्यार सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यह गांव देश का एक आदर्श और सर्वश्रेष्ठ गांव बनेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजीत पाल त्यागी ने उपस्थित बुजुर्गों, युवाओं और मातृ शक्ति का अभिनंदन किया। उन्होंने कर्नल डी.बी. त्यागी और उनकी टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर गांव की पहचान को आगे बढ़ाने की यह सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि गांव में विकलांग पेंशन, मेडिकल और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ हेतु विभागीय कैंप लगाए जा रहे हैं। साथ ही लंबे समय से अटके सड़क निर्माण कार्य के शुरू होने की जानकारी देते हुए उन्होंने सांसद अतुल गर्ग के सहयोग की सराहना की। विधानसभा सत्र के कारण सीमित समय के बावजूद कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराने पर उन्होंने गांववासियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में जनहित के कार्य मिलकर आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

Col Tejender Pal Tyagi | राष्ट्रीय सैनिक संस्था गाजियाबाद | विहंग गांव का जन्मोत्सव | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।