स्पेशल ओलंपिक्स भारत एथलेटिक्स में जेपी पब्लिक स्कूल के छात्र का शानदार प्रदर्शन
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (08/02/2026): जेपी पब्लिक स्कूल (Jaypee Public School) ग्रेटर नोएडा के लिए यह क्षण अत्यंत गौरवपूर्ण रहा, जब विद्यालय की कक्षा आठ के छात्र तनिष्क चोपड़ा ने रोहतक में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 400 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ तनिष्क ने न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
बताया गया कि तनिष्क चोपड़ा इससे पहले राज्य स्तरीय ट्रायल्स में भी दो पदक जीत चुके हैं, जिसके आधार पर उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था। राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक हासिल करने के बाद अब उनके आगामी अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड गेम्स 2017 के चयन की संभावनाएं और अधिक प्रबल हो गई हैं। यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर स्पेशल ओलंपिक्स उत्तर प्रदेश के चेयरमैन मुकेश शुक्ला ने जेपी पब्लिक स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र तनिष्क चोपड़ा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्रिंसिपल मीता भंडुला, वाइस प्रिंसिपल अनिता पिल्लई तथा शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के प्रमुख नीरज सिंह ने भी तनिष्क चोपड़ा और उनकी कोच अक्षिता तोमर को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि तनिष्क की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करेगी। तनिष्क की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है और सभी ने उनके भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।