बीटेक छात्र आत्महत्या प्रकरण में बड़ा खुलासा, हॉस्टल के दो वार्डन गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (28/01/2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने इस संवेदनशील प्रकरण में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल चार लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर फरार चल रहे सुधांशु उर्फ शेखर, निवासी बक्सर (बिहार) और रोहित भाटी, निवासी कैमराला (दादरी) को आईआईएमटी तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी उसी हॉस्टल में वार्डन के पद पर तैनात थे, जहां छात्र ने आत्मघाती कदम उठाया था।

यह दर्दनाक घटना 23 और 24 जनवरी की दरमियानी रात नॉलेज पार्क-3 स्थित एक निजी हॉस्टल में सामने आई थी। बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र उदित सोनी हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूद गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाली रात उदित सोनी अपने कुछ दोस्तों के साथ शराब का सेवन कर हॉस्टल लौटा था। इसके बाद हॉस्टल वार्डन और अन्य लोगों के साथ उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान उससे जबरन अवैध वसूली की गई और उसके साथ मारपीट भी की गई। इस अपमान और उत्पीड़न से मानसिक रूप से आहत होकर उदित अपने कमरे में गया और कुछ ही देर बाद चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।

मृतक छात्र के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने कुल सात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस पहले ही इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी से जांच को अहम बढ़त मिली है।

नॉलेज पार्क थाना पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।