शीत लहर में अलर्ट प्रशासन: DM Medha Roopam ने ग्रेटर नोएडा के रैन बसेरों का औचक निरीक्षण

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (18/12/2025): गौतमबुद्ध नगर में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बुधवार देर रात ग्रेटर नोएडा स्थित रैन बसेरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने सेक्टर डेल्टा-2 स्थित सामुदायिक केंद्र और परी चौक के वर्क सर्किल-4 में बनाए गए रैन बसेरों का दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से सीधे बातचीत की और उनसे रहने, सोने व अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीत लहर के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जरूरतमंद को चारपाई या तख्त पर गद्दे, साफ चादरें, पर्याप्त कंबल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न सोए। इसके लिए खुले में रहने वाले बेघर लोगों की पहचान कर उन्हें तत्काल रैन बसेरों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, रैन बसेरों की जानकारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचारित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

डीएम ने रैन बसेरों के आसपास अलाव की व्यवस्था की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि ठंड से बचाव के लिए अलाव नियमित रूप से जलाए जाएं। इसके लिए पर्याप्त ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी समय व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने अधिकारियों को रैन बसेरों की साफ-सफाई, पानी की आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल आश्रय उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण देना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शीत लहर के दौरान किसी भी व्यक्ति को परेशानी न होने दें।निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, तहसीलदार सदर प्रतीक चौहान, नायब तहसीलदार सदर ज्योत्सना सहित प्राधिकरण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।