दिल्ली चुनाव 2025: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल को कहा – “झूठा और मक्कार”
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (11 जनवरी 2025): दिल्ली में चुनावी माहौल गरमाता जा रहा है। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने झुग्गी बस्ती प्रधान सम्मेलन के दौरान टेन न्यूज नेटवर्क से विशेष बातचीत में अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए उन्हें “झूठा और मक्कार” करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल की सरकार ने झुग्गी बस्तियों के लोगों को केवल झूठे वादे और सपने दिखाए हैं।
झुग्गी बस्तियों के मुद्दे पर भाजपा का जोर
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “झुग्गी बस्तियों के प्रधानों ने आज गृह मंत्री अमित शाह का जिस गर्मजोशी से स्वागत किया, वह इस बात का संकेत है कि जनता अब बदलाव चाहती है। भाजपा झुग्गी बस्तियों के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देकर उनका स्थायी समाधान करेगी।”
सचदेवा ने दावा किया कि झुग्गी बस्ती के लोगों का भाजपा में विश्वास बढ़ा है और वे इस बार सत्ता परिवर्तन का हिस्सा बनेंगे।
केजरीवाल के आरोपों पर जवाब
जब उनसे केजरीवाल के आरोप पर प्रतिक्रिया मांगी गई कि, भाजपा नेता चुनाव प्रचार के दौरान पैसे बांट रहे हैं, तो उन्होंने कहा, “केजरीवाल झूठे और मक्कार इंसान हैं। उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि केजरीवाल सरकार पिछले 10 वर्षों में झुग्गी बस्ती के लोगों को मुफ्त बिजली, पानी और घर देने के वादे पर सिर्फ गुमराह करती रही है। “आज भी झुग्गी बस्ती के लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। भाजपा सत्ता में आने के बाद इन समस्याओं का स्थायी समाधान करेगी।”
भाजपा का समर्थन जुटाने की कोशिश
वीरेंद्र सचदेवा ने झुग्गी बस्तियों के प्रधानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनका समर्थन इस बार भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगा। “भाजपा झुग्गी बस्तियों के लिए बेहतर भविष्य की गारंटी देती है और इस दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
चुनाव 2025: झुग्गी बस्तियां बनीं मुख्य मुद्दा
दिल्ली चुनाव 2025 में झुग्गी बस्तियां एक अहम मुद्दा बन गई हैं। भाजपा जहां केजरीवाल सरकार पर झूठे वादों और भ्रष्टाचार का आरोप लगा रही है, वहीं आम आदमी पार्टी भाजपा पर झूठी राजनीति करने का आरोप लगा रही है।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 5 फरवरी को दिल्ली की जनता भाजपा को मौका देती है या एक बार फिर अरविंद केजरीवाल की सरकार पर भरोसा जताती है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।