प्रधानमंत्री वाराणसी से चार नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी, बढ़ेगी कनेक्टिविटी और विकास की रफ्तार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (06 November 2025): भारत की आधुनिक रेल अवसंरचना के विस्तार की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 8 नवम्बर को सुबह लगभग 8:15 बजे वाराणसी का दौरा करेंगे और चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेनें देश के विभिन्न हिस्सों में तेज़, आरामदायक और विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देंगी।
प्रधानमंत्री द्वारा झंडी दिखाए जाने वाली ये चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली और एर्नाकुलम–बेंगलुरु मार्गों पर चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों के शुरू होने से न केवल यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, बल्कि राज्यों के बीच सामाजिक-आर्थिक संपर्क भी मजबूत होंगे।
बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट पर पहली सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और वर्तमान ट्रेनों की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट की बचत कराएगी। यह ट्रेन भारत के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों — वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो — को जोड़ेगी। इससे धार्मिक व सांस्कृतिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक तेज़ और आरामदायक यात्रा का अवसर मिलेगा।
लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लगभग 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे करीब 1 घंटे की बचत होगी। यह ट्रेन लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों को लाभान्वित करेगी, साथ ही हरिद्वार और रुड़की तक पहुंच को और बेहतर बनाएगी। यह सेवा मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुगम अंतर-शहर यात्रा तथा क्षेत्रीय विकास को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस अपने मार्ग की सबसे तेज़ ट्रेन होगी, जो यात्रा को केवल 6 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। यह सेवा फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला जैसे पंजाब के प्रमुख शहरों को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे, सीमावर्ती इलाकों के सामाजिक-आर्थिक विकास को बल मिलेगा और राष्ट्रीय बाज़ारों के साथ बेहतर एकीकरण सुनिश्चित होगा।
दक्षिण भारत के लिए शुरू की जा रही एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रा समय में 2 घंटे से अधिक की कमी लाएगी, जिससे यह मार्ग मात्र 8 घंटे 40 मिनट में तय होगा। यह ट्रेन केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच तेज़ कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और प्रमुख आईटी, वाणिज्यिक, शैक्षणिक और पर्यटन केंद्रों को जोड़ेगी।
नई वंदे भारत ट्रेनों की यह श्रृंखला प्रधानमंत्री मोदी के उस विज़न को साकार करती है जिसके तहत नागरिकों को “सुगम, त्वरित और अधिक आरामदायक रेल यात्रा” प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इन ट्रेनों के संचालन से न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी बल्कि पर्यटन, व्यापार, क्षेत्रीय गतिशीलता और रोजगार सृजन में भी नई ऊर्जा का संचार होगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।