दिल्ली के सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाया जाएगा “राष्ट्रनीति”, RSS के बारे में जानेंगे विद्यार्थी

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (02/10/2025): दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग ने स्कूलों में अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत “राष्ट्रनीति पाठ्यक्रम” शुरू किया गया है, जिसमें छात्रों को संघ की स्थापना, विचारधारा और समाज व राष्ट्रहित में निभाई गई भूमिकाओं के बारे में बताया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े नेताओं और संघ के सामाजिक कार्यों पर भी विशेष अध्याय शामिल किए जाएंगे।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद (Ashish Sood) ने जानकारी दी कि इस कदम का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक चेतना और नागरिक कर्तव्यों की समझ विकसित करना है। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में छात्रों को यह बताया जाएगा कि संघ ने आपातकालीन परिस्थितियों जैसे बाढ़, भूकंप और महामारी के दौरान किस प्रकार सहयोग दिया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संघर्ष में स्वयंसेवकों की भूमिका और उनके अनुशासन व समर्पण को भी रेखांकित किया जाएगा।

इस पाठ्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं जैसे वीर सावरकर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, सरदार वल्लभभाई पटेल और नेताजी सुभाषचंद्र बोस पर विशेष अध्याय शामिल किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, छात्रों को इन नेताओं के विचारों और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान से अवगत कराना शिक्षा का मुख्य हिस्सा होगा।

शिक्षा निदेशालय ने इस नए कार्यक्रम के लिए शिक्षकों की पुस्तिकाएं तैयार कर ली हैं। साथ ही, एससीईआरटी में शिक्षकों का प्रशिक्षण भी चल रहा है, ताकि वे इस विषय को सही तरीके से बच्चों तक पहुंचा सकें। हालांकि अभी यह तय होना बाकी है कि किन-किन कक्षाओं में यह नया अध्याय पढ़ाया जाएगा।

पाठ्यक्रम में आरएसएस की स्थापना से लेकर उसकी कार्यप्रणाली का विस्तृत उल्लेख होगा। बताया जाएगा कि 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर में इसकी नींव रखी थी। संघ के सांस्कृतिक जागरूकता, अनुशासन, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूलभूत सिद्धांतों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

इसके साथ ही इस अध्याय में संघ द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों को विस्तार से शामिल किया जाएगा। इसमें रक्तदान शिविर, भोजन आपूर्ति, प्राकृतिक आपदाओं में सहायता और कोविड-19 महामारी के दौरान राहत गतिविधियां प्रमुख रूप से बताई जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे छात्रों को समाज सेवा के प्रति प्रेरणा मिलेगी और उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।

सूत्रों ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे नेताओं का भी उल्लेख किया जाएगा, जो कभी संघ से जुड़े रहे हैं। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से छात्रों को संगठन के बारे में संतुलित और व्यापक जानकारी मिलेगी तथा इसके जरिए आरएसएस को लेकर फैली भ्रांतियों को भी दूर करने का प्रयास होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।