‘मन की बात’ कार्यक्रम में क्या बोले पीएम मोदी, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (28/09/2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने 28 सितंबर को राष्ट्र को संबोधित करते हुए ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 126वें संस्करण में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देकर की। पीएम मोदी ने कहा कि भगत सिंह का जीवन आज भी युवाओं को प्रेरणा देता है और हमें उनके साहस तथा त्याग से राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शन मिलता है।

लता मंगेशकर और सावरकर का उल्लेख

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लता दीदी वीर सावरकर से प्रेरित थीं और उन्होंने उनके गीतों को अपनी आवाज में पिरोया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान प्रसिद्ध गीत “ज्योति कलश छलके” को भी याद किया और कहा कि इस तरह के गीत हमारे राष्ट्रभक्ति और संस्कृति के प्रतीक हैं।

नौसेना की सागर परिक्रमा

पीएम मोदी ने भारतीय नौसेना के साहसिक प्रयासों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और रूपा ने मिलकर 47,500 किलोमीटर लंबी समुद्री यात्रा 238 दिनों में पूरी की। इस दौरान उन्होंने प्वाइंट नीमो पर भी भारत का तिरंगा फहराया, जो कि अगर उस जगह से कुछ नजदीक है तो वह है अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS)। प्रधानमंत्री ने इस दौरान दोनों लेफ्टिनेंट कमांडर से भी फोन लाइन पर बात की। कमांडरों ने कहा कि इस समुद्री यात्रा के हमे तीन बड़े समुद्री तूफानों, भीषण गर्मी और अत्यधिक ठंड का सामना करना पड़ा। यह यात्रा मात्र चार स्थानों पर रुककर पूरी की गई। इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड जैसे देशों में उन्हें उत्साहजनक स्वागत और समर्थन मिला।

छठ पर्व और यूनेस्को मान्यता

पीएम मोदी ने छठ महापर्व का भी विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य को भी अर्घ्य दिया जाता है। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत सरकार इस पर्व को यूनेस्को की सूची में शामिल कराने का प्रयास कर रही है। कुछ समय पहले कोलकाता की काली पूजा को भी इस सूची में शामिल किया गया था।

गांधी जयंती और खादी का संदेश

2 अक्टूबर को होने वाली गांधी जयंती का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने नागरिकों से खादी और स्वदेशी वस्त्र अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें गर्व से कहना चाहिए कि हम स्वदेशी हैं। उन्होंने लोगों को प्रेरित किया कि गांधी जयंती के अवसर पर हर कोई कुछ न कुछ खादी उत्पाद जरूर खरीदे।

महिला सशक्तिकरण और मधुबनी कला

पीएम मोदी ने बिहार के मधुबनी की स्वीटी नामक महिला का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने मिथिला पेंटिंग को महिला आजीविका का साधन बना दिया है। आज करीब 500 महिलाएं उनके साथ जुड़ी हैं और अपनी कला को आजीविका का माध्यम बना रही हैं। प्रधानमंत्री ने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का सशक्त उदाहरण बताया।

आरएसएस की शताब्दी और विजयादशमी

पीएम मोदी ने इस बार की विजयादशमी को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसी दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस की स्थापना त्याग, सेवा और अनुशासन की भावना के साथ हुई थी और आज यह संगठन निरंतर समाज सेवा में जुटा है। देश में कहीं भी संकट आता है तो संघ के स्वयंसेवक वहां सहायता के लिए उपस्थित रहते हैं।

बाल्मीकि जयंती और अयोध्या मंदिर

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर को होने वाली बाल्मीकि जयंती का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने हमें रामायण जैसे महाग्रंथ दिए। उनकी कथा माता शबरी और निषादराज के प्रसंगों के साथ पूरी होती है। पीएम मोदी ने बताया कि इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अयोध्या में वाल्मीकि और निषादराज के मंदिर भी बनाए गए हैं।

स्वच्छता और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प

अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने देशवासियों से स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर त्योहार पर हमें स्वदेशी वस्तुएं खरीदने को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे न केवल आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होगा बल्कि किसी परिवार की मेहनत और उम्मीद का भी सम्मान होगा। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आने वाले दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “वोकल फॉर लोकल को हमेशा के लिए अपनाएं”।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।